हैदराबादः विधायक के बेटे पर चलती गाड़ी में नाबालिग के साथ गैंगरेप का आरोप
नाबालिग पीड़िता 28 मई को हैदराबाद के जुबली हिल्स इलाके के एक पब में गई थी. पब में पीड़िता की कुछ लोगों से मुलाकात हुई थी. इन लोगों ने उसे घर ड्रॉप करने का ऑफर दिया. कथित तौर पर कार के अंदर ही आरोपियों ने विक्टिम का रेप किया.
हैदराबाद के एक पॉश इलाके में एक नाबालिग के कथित गैंगरेप की खबर है. आरोप है कि एक मर्सिडीज़ कार में तीन से चार लोगों ने एक नाबालिग का गैंगरेप किया. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में एक विधायक का बेटा भी शामिल है.
इंडिया टुडे के आशीष पांडे के मुताबिक, नाबालिग पीड़िता 28 मई को हैदराबाद के जुबली हिल्स इलाके के एक पब में गई थी. पब में पीड़िता की कुछ लोगों से मुलाकात हुई थी. इन लोगों ने उसे घर ड्रॉप करने का ऑफर दिया. पीड़िता उनके साथ कार में बैठ गई. कथित तौर पर कार के अंदर ही आरोपियों ने विक्टिम का रेप किया.
पुलिस के मुताबिक, पब में पार्टी के दौरान एक विधायक का बेटा और अल्पसंख्यक बोर्ड के अध्यक्ष भी मौजूद थे. पीड़िता अभी केवल एक आरोपी को ही पहचान पाई है और वो आरोपी भी नाबालिग है.
1 जून को इस मामले में FIR दर्ज हुई. शुरूआत में पुलिस ने IPC की धारा 354 (यौन शोषण) और POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया था. लेकिन मेडिकल जांच के दौरान जब विक्टिम की काउंसिलिंग की गई तो गैंगरेप की बात सामने आई. इसके बाद पुलिस ने IPC की धारा 376 डी के तहत गैंगरेप का मामला भी दर्ज किया गया.
द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक पब के मैनेजमेंट ने पुलिस को बताया है कि उस दिन हुई पार्टी नॉन एल्कोहॉलिक थी और पार्टी में मौजूद लोगों को शराब नहीं परोसी गई थी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है.
हैदराबाद गैंगरेप: विक्टिम के पिता ने आरोपियों के परिवार पर जो कहा है उसके लिए बड़ा दिल चाहिए

