"आगे देखकर गाड़ी चलाओ" - इतना बोलने पर एक बाइकसवार ने दूसरे को पीट दिया!
मामला नोएडा का है, मारने-पीटने के बाद भाग गया बाइक सवार!

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के नोएडा (Noida) में एक युवक की बुरी तरह पिटाई का मामला सामने आ रहा है. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल (Video Viral) हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक दूसरे युवक को बार-बार पीट रहा है. लोगों के बीच-बचाव के बावजूद वो रुक नहीं रहा है. जानकारी के मुताबिक युवक की पिटाई सिर्फ इस बात पर हुई कि उसने दूसरे शख्स को बाइक चलाते समय पीछे ना देखने को कह दिया. घटना नोएडा के थाना 24 क्षेत्र में सेक्टर 25 में स्थित एडव कंपनी के पास एलिवेटेड रोड की है.
आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार, 16 अगस्त की शाम विकास यादव सेक्टर 18 से अपने घर जा रहा था. तभी एक बाइक सवार दबंग आगे देखने के बजाय पीछे देख रहा था. जब विकास ने टोका तो वो अपनी बाइक को रोककर विकास के साथ मारपीट करने लगा, जिसका वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया. वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
मामले में पीड़ित विकास यादव ने बताया,
“सेक्टर 18 से उबर बाइक बुक करके मैं अपने घर सेक्टर 22 लौट रहा था. उसी समय पीछे से एक बाइक सवार आया जिसे आगे देखना चाहिए लेकिन वह पीछे देख रहा था. इस बात पर मैंने उसे टोका तो वो हमें थप्पड़ दिखाने लगा. मैंने जब उससे पूछा कि थप्पड़ क्यों दिखा रहा है तो वो धमकी देने लगा. फिर मैंने भी उबर बाइक चालक से रुकने के लिए कहा.”
विकास ने आगे बताया,
“जैसे ही मैं नीचे उतरा वैसे ही दबंग युवक ने मेरे साथ मारपीट करना शुरू कर दी. वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया लेकिन युवक मानने को तैयार नहीं हुआ. मैंने 112 पर कॉल की लेकिन पुलिस जब तक पहुंची उससे पहले ही वो फरार हो गया. इसके बाद मैंने लिखित में पुलिस को शिकायत दी है.”
मामले पर थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने कहा,
“इस पूरे मामले में पीड़ित की शिकायत के आधार पर और वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए टेक्निकल टीम के साथ तीन टीमें लगा दी हैं. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.”
पुलिस आगे की जांच में जुट गई है.
वीडियो : श्रीकांत त्यागी की क्राइम हिस्ट्री देखिए!

