World Cup का टिकट इस वेबसाइट से तो नहीं खरीदा है? स्टेडियम में घुस न पाओगे
ICC के नाम वाली इस वेबसाइट पर लखनऊ में होने वाले मैच का टिकट 2 हजार रुपये से लेकर 18,790 रुपये तक बेचा जा रहा है, इससे बचके रहना

भारत में चल रहे ODI वर्ल्ड कप (World Cup Match) को लेकर हर तरफ उत्साह है. मैच के टिकट के लिए मारा मारी भी है. इस बीच टिकट बेच रही एक फर्जी वेबसाइट (Fake Website) का पता चला है जो भारी डिस्काउंट के नाम पर लोगों को चूना लगा रही है. मामले को लेकर लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में केस दर्ज कराया गया है.
29 अक्टूबर को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच मैच होना है. उसी के लिए टिकट खरीदने वालों की होड़ मची है. इसी मौके का फायदा उठाकर किसी ने फर्जी वेबसाइट बना ली. वेबसाइट है- iccworldcuptickets.com
कितने का टिकट बेच रहे थे?शिकायत के मुताबिक, वेबसाइट पर लखनऊ में होने वाले मैच की टिकट 2 हजार रुपये से लेकर 18,790 रुपये तक बेचने का दावा किया गया. टिकट खरीदादारों से ईमेल और अन्य डीटेल लेकर पेमेंट करवा ली गई. पता चला है कि वेबसाइट चलाने वाले ठग इसका प्रचार बाकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए कर रहे हैं.
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन, ICC और BCCI ने इस साइट को फर्जी बताया है. पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी, IT एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है.
कहां से खरीदें टिकट?UP क्रिकेट एसोसिएशन के CEO अंकित चटर्जी ने कहा है कि सभी मैच के लिए टिकट बुक माय शो से ही खरीदें. उन्होंने साफ किया कि किसी और वेबसाइट से की गई बुकिंग के लिए एसोसिएशन जिम्मेदार नहीं होगा.
बता दें कि इंडियन टीम अपने शुरुआती पांचों मुकाबले जीत चुकी है और पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहने के साथ ही टीम सेमीफाइनल में पहुंचने की सबसे मजबूत दावेदार भी है. दूसरी तरफ इंग्लैंड 4 मैचों में एक मैच ही जीत सकी है और तीन मैच हारी है. वो पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर है.

