धरने पर बैठी पहलवानों ने स्मृति ईरानी को चिट्ठी लिख बृजभूषण पर क्या कहा?
पहलवानों ने और किस-किसको चिट्ठी लिखी?
.webp?width=210)
दिल्ली के जंतर मंतर पर धरने पर बैठी महिला पहलवानों ने अब मोदी सरकार में महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी को एक पत्र लिखा है. इस पत्र में महिलाओं ने स्मृति से न्याय में मदद करने की मांग की है. लिखा -
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ने हम महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न किया है. उनकी लंबी अध्यक्षता में महिला पहलवानों के साथ ये कई बार हुआ है. महिला पहलवानों ने जब आवाज़ उठाने की कोशिश की, तब उनका का करियर ही बर्बाद कर दिया. इंसाफ़ के बारे में तो भूल ही जाइए. अब पानी सिर से ऊपर चढ़ गया है. अब हमारे पास महिला पहलवानों की इज़्ज़त के लिए लड़ने को छोड़कर और कोई रास्ता नहीं बचा है. हम स्पोर्ट्स और अपनी जिंदगी छोड़कर अपनी इज़्ज़त के लिए लड़ रहे हैं. हम पिछले 20 दिन से जंतर मंतर पर अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं. हमने देखा कि उस आदमी की पावर ने प्रशासन की कमर तोड़ दी. साथ ही इसने हमारी सरकार को अंधा-बहरा बना दिया.
आप महिला सांसद हैं, और वो भी सत्तारुढ़ पार्टी की. हमे आपसे बहुत उम्मीद है. हम आपसे मदद मांग रहे हैं. कृपया हमारे न्याय की लड़ाई में हमारी आवाज़ बनें और हमारी इज़्ज़त बचाएं. हम उम्मीद करते हैं आप थोड़ा वक्त निकालकर जंतर मंतर आएंगी और हमें आगे का रास्ता दिखाएंगी.

इस चिट्ठी पर विनेश और साक्षी ने साइन किया है. महिला पहलवानों ने यही चिट्ठी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन को भी भेजा है. बता दें, कुछ दिनों पहले पहलवानों ने भारत सरकार द्वारा गठित की गई कमिटी पर सवाल खड़े किए थे. पहलवानों ने कहा था कि ओवरसाइट कमिटी बृजभूषण शरण सिंह को बचा रही है. साथ ही कमिटी पर सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया गया था.
टिकैत की डेडलाइनइससे पहले कई किसान संगठनों ने पहलवानों को समर्थन देने का ऐलान किया था. 7 मई को भारतीय किसान यूनियन (BKU) के प्रवक्ता राकेश टिकैत प्रदर्शन में शामिल हुए थे. उन्होंने कहा था कि बृजभूषण को 15 दिन में गिरफ्तार किया जाए. उन्होंने ये भी कहा था कि अगर सरकार समाधान नहीं करती है तो आगे की रणनीति बनाई जाएगी. इसे लिखित में नहीं दिया जा रहा है. राकेश टिकैत ने कहा था,
"इस मामले से देश और तिरंगे की बदनामी हुई है. खिलाड़ियों और तिरंगे का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ये पहलवान देश की धरोहर हैं. इनको हम हर संभव मदद करेंगे."
टिकैत ने आगे कहा कि ये आंदोलन लंबा चलेगा, सबको तैयार रहना चाहिए. बड़े आंदोलन की तैयारी हो रही है. 11 से 18 मई के बीच सभी जिला मुख्यालयों में बृजभूषण सिंह के पुतले जलाए जाएंगे. दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दो मामले दर्ज किए हैं. मामले में कार्रवाई जारी है.
वीडियो: पहलवानों के प्रदर्शन में मिले ताऊ बृजभूषण पर भड़क गए, Lallantop को ये कविता सुना दी

.webp?width=60)

