प्यार किया, शादी करने वाला था, तो पता चला कि प्रेमिका दादी बनने वाली है!
प्रेमी की मम्मी ने फ़ोन किया - "हैलो बेटा!"

चीन के एक व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका के ऊपर गंभीर आरोप लगाया है. साउथ चाईना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक़, मध्य चीन के हेनान प्रांत के रहने वाले व्यक्ति हैं गुओ. उनको हुआ प्यार. प्रेमिका ने दिल मोह लिया. दोनों ने डेटिंग शुरु की. शुरु में लगता रहा कि प्रेमिका हमउम्र है, लेकिन बाद में बात खुली. प्रेमिका हमउम्र नहीं थी. बल्कि लगभग 14 साल बड़ी थी. महिला के बेटे की शादी हो चुकी थी. बेटे को भी बच्चा होने वाला था. गुओ वाज़ शॉक्ड!
31 वर्षीय गुओ ने अपनी प्रेमिका पर "Love Fraud" का आरोप लगाया है.
अक्टूबर 2022 में मुलाक़ात होने के बाद लड़की ने बताया था कि उसका जन्म 1992 में हुआ था, जिसके मुताबिक़ उसकी उम्र 30-31 साल होनी चाहिए थी. बात आगे बढ़ी. दोनों के बीच प्रेम संबंध घनिष्ठ होता गया, गुओ महिला को अपने गृहनगर परिवार से मिलाने भी ले गया था, जहां उन दोनों ने क़रीब 2 हफ़्ते का समय बिताया था.

परिवार से मुलाकात कराने के बाद गुओ को लगा कि उसका रिश्ता पक्का हो गया है और जल्द उसका विवाह भी हो जाएगा. लेकिन 9 दिसंबर, 2022 की सुबह गुओ के घर से एक फोन ने उसको आश्चर्य और निराशा से भर दिया. यह फोन गुओ की मां का था जिनके अनुसार उनके पुत्र की प्रेमिका की असल उम्र 44 वर्ष है. और तो और उसका एक 20 वर्षीय बेटा भी है. बात ख़राब तब हुई जब यह पता चला कि महिला के 20 वर्षीय पुत्र की शादी हो चुकी है और वह पिता बनने वाला है. मतलब गुओ की संभावित मेहरारू दादी बनने वाली थी. यह बात गुओ की मां को तब पता चली जब उन्होंने लड़की से बातचीत के दौरान उसके संप्रदाय के बारे में पूछा. गुओ की माता जी के एक पड़ोसी के एक रिश्तेदार भी उस संप्रदाय के ही निकले, जहां से उनको यह बात मालूम चली. यह सुनते ही गुओ ने महिला के साथ अपने संबंध को खत्म कर दिया.
बात बाहर आने के बाद गुओ ने अपनी प्रेमिका पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया, जिसपर वह नाराज़ हो उठी. बात जब पुलिस तक पहुंची तो अफ़सरो की मौजूदगी में महिला को अपना पहचान पत्र दिखाना पड़ा जिससे पुष्टि हुई कि उसका जन्म 1978 में हुआ था. गुओ ने कहा है कि महिला ने कई मौको पर उससे से कुल 10,000 युआन (लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये) लिए थे. अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है की पुलिस महिला के खिलाफ कार्यवाही करेगी या नहीं.
यह खबर हमारे साथ इंटर्नशिप कर रहे विनायक ने लिखी है.
वीडियो: एस. जयशंकर ने चीन और पाकिस्तान की साजिश पर क्या बताया?

