हिमाचल से केरल तक 14 हज़ार पक्षी मर चुके हैं, क्या ये इंसानों के लिए नया खतरा है?
कोरोना महामारी की बीच बर्ड फ्लू फैलने को लेकर क्या कह रहे हैं विशेषज्ञ?
Advertisement

मध्य प्रदेश, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में अब तक 1700 से अधिक पक्षियों की मौत हो चुकी है. (तस्वीर: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more
मध्य प्रदेश के तीन जिलों में एक सप्ताह में सैकड़ों कौओं की मौत हो गई है. मंदसौर और खरगौन में मरे कौओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए हाई सिक्योरिटी एनिमल डिज़ीज़ लेबोरेटरी (HSADL) भोपाल भेजा गया है. रिपोर्ट्स का इंतज़ार है. वहीं, इंदौर से भेजे गए नमूने में H5 N8 यानी एवियन फ्लू का स्ट्रेन मिला है.
सीनियर वेटनरी प्रमोद शर्मा ने इंडिया टुडे से इस बारे में बात की. उन्होंने कहा,
"इंदौर के डेली कॉलेज क्षेत्र में अभी तक 145 कौओं की बॉडी मिली है. हमें शक है कि इन सभी की मौत H5 N8 एवियन फ्लू से हुई है क्योंकि भोपाल भेजे गए पांच नमूने के नतीजे से यही जानकारी सामने आई है."वहीं मंदसौर में तीन दिन में 200 से अधिक कौओं की मौत हो चुकी है. इनमें सबसे ज्यादा कौओं की मौत मंदसौर के जिला अदालत परिसर में हुई है. मंदसौर में लगातार मर रहे कौओं के नमूने भी HSADL भेजे गए हैं और रिपोर्ट्स का इंतज़ार है. मामले को लेकर मंदसौर डीएम ने स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग और नगर निगम को आवश्यक जगहों पर समय-समय पर कीटनाशक के छिड़काव का निर्देश दिया है. इंदौर का चिड़ियाघर अलर्ट पर खरगोन के कसरावद क्षेत्र में दो दिन में 20 कौओं की मौत हो गई है और मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है. इंदौर से भेज गए नमूने में फ्लू पाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने पशु चिकित्सा विभाग के फील्ड अधिकारियों को सतर्क कर दिया है. मामले को लेकर पशु चिकित्सा विभाग के डॉक्टर ललित पाटीदार ने कहा है कि अभी तक लैब द्वारा हमें बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं की गई है लेकिन यह गंभीर मामला है और हम सतर्क हैं. कौओं के मौत के बढ़ते मामले को लेकर इंदौर के चिड़ियाघर को अलर्ट कर दिया गया है और कीटाणुनाशक के छिड़काव के निर्देश दिए गए हैं. हिमाचल में प्रवासी पक्षियों की मौत से चिंता बढ़ी हिमाचल के पोंग डैम क्षेत्र में 1700 से अधिक प्रवासी पक्षी मृत पाए गए हैं. जगमोली, गुगलाड़ा और नगरोटा सूरियां के जंगलों में सबसे अधिक मृत प्रवासी पक्षी मिले हैं. मामले को लेकर इंडिया टुडे से बात करते हुए हमीरपुर डिवीजन के डिप्टी वन संरक्षक (वन्यजीव) ने बताया कि 15 नमूने जमा करके बरेली के भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, जालंधर के नॉर्थन रीजनल डिज़ीज़ डायग्नोस्टिक लेबोरेटरी और HSADL को भेजे गए हैं. वहां की रिपोर्ट का इंतज़ार है. वहीं कुछ सैम्पल भोपाल की लैब में भेजे गए थे. वहां की रिपोर्ट में पक्षियों में H5N1 यानी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है. राजस्थान में सैकड़ों पक्षियों की मौत राजस्थान की राजधानी जयपुर के झील महल में 7 कौओं की मौत हो गई है और इन कौओं में एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस पाया गया है. पूरे राज्य में अब तक 252 पक्षियों की मौत हो चुकी है. मामले को लेकर पशुपालन और वन विभाग ने मिलकर एक कंट्रोल रूम बनाया है और मृत पक्षियों के नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे गए हैं. केरल में अबतक 12 हज़ार बत्तखों की मौत केरल सरकार ने जानकारी दी है कि अलप्पुझा और कोट्टायम जिलों में बर्ड फ्लू वायरस का पता चला है. मामले को लेकर दोनों जिलों में क्विक रेस्पॉन्स टीम तैनात की गई है. भोपाल भेजे गए आठ में से पांच नमूनों में बर्ड फ्लू वायरस का पता चला है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट मुताबिक़, अधिकारियों ने कहा है कि अब तक 12 हज़ार बत्तखों की मौत हो चुकी है और 36 हज़ार और बत्तखों की मौत हो सकती है. अधिकारी संबंधित क्षेत्र में फ्लू के लक्षण वाले लोगों की पहचान में जुट गए हैं क्योंकि बर्ड फ्लाई इंसानों में फ़ैल सकता है और यह घातक साबित हो सकता है.

