संभल हिंसा में मारे गए लोगों पर किसने चलाई गोली? पुलिसवाले का वीडियो देख अब अफसर क्या बोले?
Sambhal viral video: कथिततौर पर संभल हिंसा से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ, जिसमें एक पुलिसवाले को गोली चलाते हुए देखा गया. घटना के दो हफ्ते बाद जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) ने इस वीडियो पर क्या बताया है?

संभल हिंसा (Sambhal Violence) के दौरान हुई चार लोगों की मौत अब भी रहस्य बनी हुई है. सवाल ये है कि आखिर उन्हें गोली मारी किसने? इन सबके बीच कथिततौर पर संभल हिंसा से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ, जिसमें एक पुलिसवाले को गोली चलाते हुए देखा गया. अब घटना के दो हफ्ते बाद जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) ने बताया है कि पुलिसकर्मियों ने भीड़ को तितर-बितर करने और उन्हें चेतावनी देने के लिए हवा में गोलियां चलाईं थीं. जबकि हिंसा के एक दिन बाद यानी 25 नवंबर को पुलिस ने बयान दिया था कि पुलिस ने केवल पैलेट गन का इस्तेमाल किया.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस वायरल वीडियो पर SP कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि एक पुलिसकर्मी को हवा में गोली चलाते हुए देखा जा सकता है. हम जांच कर रहे हैं कि दो गोलियां किसने चलाईं. वहीं, 25 नवंबर को SP कृष्ण कुमार बिश्नोई ने अपने बयान में कहा था-
हमारी प्राथमिकता शांति बहाल करना“पुलिस ने केवल पैलेट गन का इस्तेमाल किया. तीनों मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कहा गया है कि उनकी मौत .315 बोर की बंदूक से गोली लगने से हुई.”
इससे पहले मुरादाबाद के डिविजनल कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने भी हिंसा में मारे गए एक मृतक नईम के माता-पिता के उस दावे का खंडन किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उसके बेटे की मौत पुलिस की गोली से हुई है. आंजनेय कुमार सिंह ने कथित तौर पर गोली के छर्रे से घायल पुलिसकर्मियों के बारे में बात करते हुए कहा था-
“पुलिस खुद पर गोली नहीं चला सकती. अगर उनका बेटा पत्थर फेंकने की योजना बना रहा था तो उसे रोकना परिवार के सदस्यों की जिम्मेदारी थी. तीन समूह एक-दूसरे पर गोलियां चला रहे थे. हमारे पास सबूत हैं, लेकिन अभी हमारी प्राथमिकता शांति बहाल करना है."
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बारे में शनिवार को आंजनेय सिंह ने बताया-
“गोली लगने से चार लोगों की मौत जांच का हिस्सा है. उनकी हत्या कैसे हुई और उन्हें किसने गोली मारी, यह हमारी जांच का हिस्सा है. एक बार जब हमें रिपोर्ट मिल जाएगी, तो यह स्पष्ट हो जाएगा.”
ये भी पढ़ें: संभल हिंसा का वीडियो देख रही पत्नी ने कर दी पुलिस की तारीफ, पति ने दे दिया तीन तलाक
संभल में बीते 24 नवंबर को तब हिंसा भड़क उठी थी. जब स्थानीय कोर्ट के आदेश पर शाही जामा मस्जिद के सर्वे करने के लिए एक टीम मस्जिद पहुंची. टीम पर भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया. भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले का इस्तेमाल किया. जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने भी आगजनी शुरू कर दी. इस हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई थी और करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए थे.
फिलहाल, 6 दिसंबर को हिंसा के दो हफ्ते बाद भारी पुलिस तैनाती और ड्रोन निगरानी के बीच लगभग 500 लोगों ने मस्जिद में नमाज अदा की.
वीडियो: "सिर में गोली लग सकती है";एनकाउंटर के बाद संभल के एसपी ने क्या कह दिया?

