The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Who are the 18 ministers in Maharashtra new Cabinet of Eknath Shinde

कौन हैं एकनाथ शिंदे के 18 मंत्री जो आज से महाराष्ट्र संभालेंगे?

महाराष्ट्र में सरकार बदलने के 38 दिन बाद कैबिनेट का गठन हो गया है.

Advertisement
pic
9 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 9 अगस्त 2022, 11:34 PM IST)
Maharashtra-Cabinet-Expansion
राजभवन में मंत्रिमंडल की शपथ के दौरान साथियों से मिलते सीएम एकनाथ शिंदे. (आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

महाराष्ट्र में सरकार बनने के 38 दिन बाद आखिरकार कैबिनेट का गठन हो गया. राजभवन में मंगलवार 9 अगस्त को सीएम एकनाथ शिंदे की कैबिनेट के 18 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई. 18 मंत्रियों की इस लिस्ट में बीजेपी और शिंदे गुट को बराबर वरीयता दी गई है. दोनों खेमों से 9-9 मंत्री बने हैं. बताया जा रहा है कि शिंदे की इस कैबिनेट में सोशल इंजीनियरिंग का पूरा ध्यान रखा गया है.

इन 18 मंत्रियों ने ली शपथ

1. राधाकृष्ण विखे पाटिल

शिर्डी से विधायक राधाकृष्ण विखे पाटिल 2019 में बीजेपी में शामिल हुए. इससे पहले वो कांग्रेस में थे. कांग्रेस की अशोक चव्हाण सरकार पृथ्वीराज चव्हाण सरकार में मंत्री रहे. बीजेपी में आने से पहले फडणवीस सरकार के दौरान 2014-19 तक वो विधानसभा में विपक्ष के नेता थे.

2. सुधीर मुनगंटीवार

सुधीर मुनगंटीवार बल्लारपुर से विधायक हैं. बीजेपी के बड़े नेता है. फडणवीस सरकार में वन मंत्री रहे. इससे पहले 2010-13 तक महाराष्ट्र में बीजेपी के अध्यक्ष रहे. महाराष्ट्र में 1995-99 में बीजेपी और शिवसेना की साझा सरकार में भी मुनगंटीवार को मंत्रालय में जगह मिली थी.

3. चंद्रकांत पाटिल

शिंदे की बगावत और बीजेपी और शिंदे गुट की सरकार बनने तक लगातार टीवी और खबरों में रहे. महाराष्ट्र में मौजूदा बीजेपी के अध्यक्ष हैं. पुणे के कोथरुड से विधायक हैं. फडणवीस सरकार के दौरान रेवेन्यू मंत्रालय देख रहे थे.

4. विजय कुमार गावित

नंदूरबार सीट से बीजेपी के विधायक हैं. 2014 में बीजेपी में शामिल हुए. उससे पहले 15 साल तक NCP में रहे.

5. गिरीश महाजन

बीजेपी के गिरीश दत्ताद्रेय महाजन. जलगांव से लगातार 6 बार से विधायक है. फडणवीस सरकार में कई मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.

6. गुलाबराव पाटिल

शिंदे गुट से शिवसेना के नेता हैं. जलगांव ग्रामीण से विधायक हैं. भाऊ के नाम से फेमस पाटिल उद्धव ठाकरे की पिछली सरकार में जल और स्वच्छता विभाग देख रहे थे.

7. दादाजी भुसे

दादाजी भुसे 4 बार के शिवसेना विधायक हैं. मालेगांव आउटर के MLA हैं. भुसे बीजेपी और शिवसेना की गठबंधन सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं और महाविकास अघाड़ी वाली उद्धव सरकार में भी.

8. संजय राठोड

शिंदे के साथी राठोड डिग्रज से विधायक है. बीजेपी-शिवसेना की फडणवीस सरकार में रेवेन्यू विभाग में राज्यमंत्री रहे. उद्धव ठाकरे की सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर तीन विभाग संभाल रहे थे.

9. सुरेश खाडे

महाराष्ट्र की मिरज सीट से बीजेपी के विधायक है. फणडवीस सरकार के आखिरी महीनों में उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था.

10. संदीपान भुमरे

शिंदे गुट के शिवसेना विधायक को ठाकरे सरकार में भी जगह मिली थी. मराठवाड़ा के पैठण से MLA हैं.

11. उदय सामंत

उदय रत्नागिरी से शिवसेना के विधायक चुने गए. अपनी सीट से लगातार चार बार MLA रह चुके हैं. बाद में शिंदे गुट में शामिल हो गए. उद्धव सरकार में कैबिनेट मंत्री थे. 2014 में शिवसेना में शामिल होने से पहले वो NCP में थे.

12. तानाजी सावंत

पेशे से बिज़नेसमैन हैं. शिवसेना के शिंदे गुट से परांडा सीट से विधायक है. पहले भी मंत्री रह चुके हैं.

13. रविंद्र चव्हाण

2009 से डोंबीवली से विधायक हैं. बीजेपी के नेता है. फडणवीस सरकार में कई मंत्रालय संभाल चुके हैं.

14. अब्दुल सत्तार

शिंदे गुट में शामिल हैं. शिल्लोड सीट से विधायक हैं. 2019 में शिवसेना में शामिल हुए. क्योंकि कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया था. हालांकि कांग्रेस के समर्थन से बनी उद्धव में सरकार में उन्हें मंत्री पद मिल गया था.

15. दीपक केसरकर

शिंदे गुट के केसरकर कोंकण की सावंतवाडी सीट से विधायक हैं. फडणवीस सरकार में शिवसेना की तरफ से राज्य मंत्री रहे. गृह और वित्त जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाली.

16. अतुल सावे

औरंगाबाद ईस्ट से बीजेपी के विधायक हैं. दूसरी बार MLA बने हैं.

17. शंभुराज देसाई

शिंदे गुट के शंभुराज तीन बार के विधायक हैं. सतारा जिले के पाटण से MLA हैं. उद्धव सरकार में राज्य मंत्री रहे. कई मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली.

18. मंगल प्रभात लोढ़ा

बीजेपी के लोढ़ा मुंबई की मालाबार हिल सीट से विधायक हैं. मुंबई बीजेपी के अध्यक्ष हैं.

वीडियो: एकनाथ शिंदे गुट को राहत देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र मामले में क्या कह दिया?

Advertisement

Advertisement

()