The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Where is Anjali from Kuch Kuch Hota Hai who played the role of Shahrukh Khan and Rani Mukherjee's daughter in Karan Johar directed film

'कुछ कुछ होता है' में शाहरुख-रानी मुखर्जी की बेटी बनी अंजली आज कल कहां हैं?

दोबारा फिल्मों में आईं, मीम बनकर वायरल हुईं और फिर से गायब हो गईं.

Advertisement
pic
16 अक्तूबर 2019 (अपडेटेड: 16 अक्तूबर 2019, 12:13 PM IST)
Img The Lallantop
फिल्म 'कुछ कुछ होता है' के दो अलग-अलग सीन्स में सना सईद.
Quick AI Highlights
Click here to view more
अभी हाल ही में 'द फैमिली मैन' नाम की एक वेब सीरीज़ आई है. वैसे तो इस सीरीज़ को मिले-जुले से रिव्यूज़ मिले हैं लेकिन टुकड़ों में इसकी तारीफ हो रही है. सीरीज़ का एक पॉजिटिव फैक्टर है उसमें काम करने वाले चाइल्ड आर्टिस्ट्स. महक और वेदांत नाम के इन दो बच्चों ने 'द फैमिली मैन' में मनोज बाजपेयी और प्रियमणी के बच्चों का किरदार निभाया है. हमारा कहना है कि आज सीनियर लोगों की फिल्मों में बच्चों के करने के लिए कुछ खास रहता नहीं है. इसमें हम 'फैंड्री' जैसी फिल्म को नहीं जोड़ सकते क्योंकि वो पूरी कहानी ही बच्चों के इर्द-गिर्द बुनी गई थी. इन रेफरेंसो का इस्तेमाल कर हम 90 के दशक में पहुंचना चाहते हैं. जहां फिल्मों की क्वॉलिटी भले ही बहुत कमाल नहीं होती थी लेकिन उन फिल्मों में काम करने वाले बच्चे हमें याद रह जाते थे. ऐसी ही एक बच्ची का नाम है सना सईद.
कौन सना सईद?
1998 में करण जौहर ने बतौर डायरेक्टर अपने करियर की पहली फिल्म बनाई. फिल्म का नाम 'कुछ कुछ होता है'. फिल्म में जिस बच्ची ने शाहरुख और रानी मुखर्जी की बेटी अंजली का रोल किया था, उनका रियल नाम है सना सईद. सना उस समय अपने पिता और उनकी बेस्ट फ्रेंड (एक्स-लवर) के बीच क्युपिड प्ले करने के लिए याद की जाती हैं. मतलब दादी के साथ मिलकर शाहरुख और काजोल के किरदारों को मिलाने के लिए लोग इन्हें याद करते हैं. बाद में जब सोशल मीडिया आया, तो वो मीम मटीरियल बन गईं. फिल्म में रोते-रोते अपनी गुज़र चुकी मां का लेटर पढ़ने वाला सीन इंटरनेट पर खूब वायरल हुआ. उसका एक नमूना आप नीचे देख सकते हैं.
65785539_707475193027260_120217363305373350_n

उस फिल्म के बाद कहां गईं?
सना 'कुछ कुछ होता है' के बाद भी इंडस्ट्री में ही रहीं. अगली बार उन्हें देखा गया सलमान खान, रानी मुखर्जी और प्रीति जिंटा की फिल्म 'हर दिल जो प्यार करेगा' में. इस फिल्म में उनके किरदार को स्पेशल अपीयरेंस वाली कैटेगरी में रखा गया. लेकिन कमाल की बात ये कि इस फिल्म में भी उनका नाम अंजली ही था. बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट उनकी आखिरी फिल्म थी बॉबी देओल और रानी मुखर्जी स्टारर 'बादल'. इसमें सना ने रानी मुखर्जी की छोटी बहन प्रीति का रोल किया था. ये सना और रानी की एक साथ तीसरी फिल्म थी. इस फिल्म के गाने 'जुगनी जुगनी' में शर्मीले बॉबी देओल को खींचकर डांस फ्लोर पर लाने का क्रेडिट सना को ही जाता है. बाकी इस गाने की रिकॉल वैल्यू का तो आपको पता ही है. अब इतनी बात हो ही गई है, तो ये गाना भी सुन लीजिए:

आज कल कहां हैं?
फिल्मों से दूर होने के बाद सना स्टार प्लस पर आने वाले बच्चों के शो 'फॉक्स किड्स' में काम करने लगीं. 2003 के बाद वो एक्टिंग सीन से बिल्कुल गायब हो गईं. अगली बार वो दिखीं 2008 में सोनी टीवी के डेली सोप 'बाबुल का आंगन छूटे ना' में. इसमें उन्होंने लीड कैरेक्टर की बहन छाया जोशी का रोल प्ले किया था. मतलब नो मोर चाइल्ड आर्टिस्ट. इसी समय सना के हिस्से उनके करियर का पहला लीड-टाइटल रोल आता है. सब टीवी पर आने वाला कॉमेडी शो 'लो पूजा हो गई इस घर की' में. इसमें उन्होंने पूजा नाम की एक लड़की का रोल किया था, जो पंजाब के बठिंडा से सिंगर बनने मुंबई आती है.
फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' के एक सीन में वरुण धवन के साथ सना सईद.
फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' के एक सीन में वरुण धवन के साथ सना सईद.

बड़े होने के बाद उनकी पहली फिल्म थी 2012 में करण जौहर के डायरेक्शन में बनी 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर'. इसमें उन्होंने वरुण धवन, सिद्धार्थ, मल्होत्रा और आलिया भट्ट के साथ अपना प्रॉपर फिल्मी डेब्यू किया. लेकिन इससे उनके करियर को कुछ फायदा नहीं हुआ. एकाध फिल्म में आइटम नंबर करने का मौका मिला और फिर गुमनामी के बादल मंडराने लगे. हालांकि सना लगातार टीवी रियलिटी शोज़ में काम करती रहीं. 2013 में वो 'झलक दिखला जा', 'एमटीवी स्पिल्ट्सविला' और 'नच बलिए' जैसे शोज़ में बतौर कंटेस्टेंट नज़र आईं. आखिरी बार वो इसी साल कलर्स चैनल पर आने वाले कॉमेडी शो 'खतरा खतरा' और कुकरी शो 'किचन चैंपियन' में बतौर गेस्ट दिखाई दी थीं.
अपने फिल्मी पिता शाहरुख खान के साथ सना. आज कल ऐसी दिखती हैं कुछ कुछ होता है कि अंजली.
अपने फिल्मी पिता शाहरुख खान के साथ सना. आज कल ऐसी दिखती हैं 'कुछ कुछ होता है' कि अंजली.



वीडियो देखें: ‘सोन परी’ वाली फ्रूटी आज कल कहां है ?  

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()