दिल्ली में ट्रिपल मर्डर, 10 दिन पहले नौकर को निकाला था, अब पति-पत्नी और मेड के शव मिले हैं
पुलिस ने अभी तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है. लेकिन मुख्य साजिशकर्ता अभी पकड़ से बाहर है.

पश्चिमी दिल्ली के हरि नगर इलाके में एक साथ 3 लोगों की हत्या का मामला सामने आया है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस को एक घर में पति-पत्नी और मेड की लाश मिली है. बताया गया कि घर के मालिक समीर आहूजा और उनकी पत्नी शालू के साथ-साथ उनकी मेड सपना की हत्या की गई है. पुलिस इस घटना के पीछे की वजहों की जांच कर रही है. अभी तक इस केस में सचिन (19) और सुजीत (21) नाम के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि एक नवंबर को सुबह 9 बजे के करीब हरि नगर थाने में एक कॉल आई थी, जिसमें एक घर में सेंधमारी की शिकायत की गई थी. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां तीन लोगों के शव मिले. दोनों महिलाओं के शव काव्या ब्यूटी सैलून के ग्राउंड फ्लोर पर पड़े हुए थे. ये सैलून शालू चलाती थी. जबकि समीर का शव पहले फ्लोर पर मिला.
रिपोर्ट के मुताबिक दोनों महिलाओं के गले के जख्म देखकर लगता है कि उन पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया था. जब इस घटना को अंजाम दिया गया, उस समय 3 साल की एक बच्ची दूसरे कमरे में सो रही थी. बच्ची सुरक्षित है.
रिपोर्ट के मुताबिक घर में काम करने वाली सहायिका सुबह करीब 8 बजे वहां आई थी. इसके बाद करीब 9 बजे उनका ड्राइवर आया, जिसने देखा कि घर में कुछ तोड़-फोड़ हुई है. इसके बाद उसने पुलिस को कॉल किया तब मामले का खुलासा हुआ.
पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें गठित की हैं. उन्होंने सीसीटीवी फुटेज बरामद कर लिया है. फुटेज में ये दिख रहा है कि सुबह में 8 बजे के करीब 2 हमलावर बाइक पर आए थे. घटना को अंजाम देने के बाद वे 9 बजे के करीब वापस जाते हुए भी दिखे हैं.
क्या थी वजह?इस घटना को अंजाम देने के पीछे की प्रमुख वजहों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. हालांकि पुलिस ने ये बताया है कि प्रमुख साजिशकर्ता और उसकी गर्लफ्रेंड उस सैलून में काम करती थी, जिसे शालू चलाती थी. करीब 10 दिन पहले ही उन दोनों को फटकार लगाते हुए शालू और समीर ने नौकरी से निकाल दिया था.
पुलिस का कहना है कि इसी के चलते साजिशकर्ता ने बदला लेने की योजना बनाई और सुजीत तथा सचिन के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया. बदमाशों ने हत्या करने के बाद घर में पड़े लैपटॉप, कुछ कैश और अन्य चीजों को भी चुरा लिया.
वीडियो: पीएम मोदी के सामने अशोक गहलोत ने बताया दुनिया में उन्हें इतना सम्मान क्यों मिलता है?

.webp?width=60)

