The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Wedding feast ready in bihar gayaji villages grooms stuck in the gulf

दुल्हनें भारत में इंतजार कर रहीं, दूल्हे खाड़ी देशों में फंस गए, वजह ईरान संकट है

मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के चलते बिहार के गयाजी के गांवों के दर्जनों घर ऐसे हैं, जहां शादी की तारीख तय हो गई है. लेकिन दूल्हा विदेश में फंसा है. वजह अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग है. इसके चलते खाड़ी देशों में हालात बिगड़े हुए हैं. और वहां रह रहे बिहारी नौजवान घर नहीं लौट पा रहे हैं.

Advertisement
pic
23 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 12:07 AM IST)
Wedding feast ready in bihar gayaji villages grooms stuck in the gulf
खाड़ी देशों में फंसे होने की वजह से दूल्हे शादी के दिन पहुंच नहीं पा रहे हैं. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Quick AI Highlights
Click here to view more

गया के मिन्हाज का सेहरा तैयार है. कार्ड बट चुके हैं. गाड़ी, बस, होटल और खाने-पीने की तमाम तैयारियां हो चुकी हैं. निकाह पढ़ाने को काजी भी तैयार है. दुल्हन भी राजी है. घर में उत्सव का माहौल है. लेकिन एक चीज सबको खटक रही है. दूल्हा आ पाएगा कि नहीं. तारीख जैसे जैसे करीब आती है. बेसब्री बढ़ती जाती है. फिर आखिरी क्षणों में खबर आती है कि मिन्हाज कुवैत से नहीं आ पाएंगे.

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मिन्हाज के पिता रफी खान ने बताया,

 मैंने दुल्हन के परिवार और गांव वालों से माफी मांग ली है. खाड़ी देशों में स्थिति सामान्य होने के बाद दूसरी तारीख रखी जाएगी.

ये कहानी सिर्फ मिन्हाज की नहीं है. गयाजी के खंडेल गांव में दर्जनों ऐसे घर हैं, जहां शादी की तारीख तय है. लेकिन दूल्हा खाड़ी देशों में फंसा है. वजह इजरायल अमेरिका और ईरान की जंग. खाड़ी देशों में लगातार उड़ाने रद्द हो रही हैं. टिकट के दाम आसमान छूने लगे हैं.

गया जिले के शेरघाटी ब्लॉक के खंडेल और उसेक आसपास के गांव- इमलीथान, जयपुर, रतनपुर और पांडौल के कई नौजवान युवक खाड़ी देशों में काम करते हैं. लगभग हर घर का एक सदस्य विदेशों में रहता है. ईद और बकरीद पर घर लौटना उनकी रवायत सी बन गई थी. लेकिन इस बार युद्ध ने सब कुछ बदल कर रख दिया.

मिन्हाज की शादी तो टल गई. लेकिन अभी कई युवाओं की शादी मार्च में होने वाली है. उनके परिवार वाले भी इस उधेड़बुन में हैं कि दूल्हा पहुंच पाएगा या नहीं. शादी की तारीख तक इंतजार करें या फिर आगे के लिए स्थगित कर दें.

जलील शाह का परिवार भी इसी चिंता से परेशान है. उनके बेटे की शादी 30 मार्च को जहानाबाद के एरकी गांव में होनी है. कार्ड बंट चुके हैं. लेकिन बेटा फिलहाल कतर में फंसा हुआ है. उसने 26 मार्च की टिकट बुक की थी. लेकिन फ्लाइट दो बार कैंसिल हो चुकी है.

खंडेल के ग्राम प्रधान के पति जावेद खान ने बताया कि गांव के कई परिवार अब वैकल्पिक योजना पर काम कर रहे हैं. अगर दूल्हा समय से नहीं पहुंचता है तो निकाह समारोह ऑनलाइन आयोजित किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि उनके खुद के परिवार में दो शादियां हैं. एक दूल्हा बहरीन में है और दूसरा कतर में. दोनों में से कोई भी अभी तक नहीं आया है. 

वीडियो: डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमला रोका, लेकिन 5 दिन ही क्यों?

Advertisement

Advertisement

()