जिस होटल में ट्रंप बाल-बाल बचे, वहीं अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति को मारी गई थी गोली
ये पहली बार नहीं है जब हिल्टन होटल सुर्खियों में आया हो. खासकर अमेरिकी राष्ट्रपति के संदर्भ में देखें तो पहले भी यहां गोलीबारी की घटना हो चुकी है. 1981 में तत्कालीन प्रेसिडेंट रॉनल्ड रीगन को भी यहीं गोली मारी गई थी.

अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन के मशहूर हिल्टन होटल में फायरिंग की घटना सामने आई है. हमले के दौरान होटल में ‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट डिनर’ चल रहा था, जिसमें राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प भी शामिल थे. इसी दौरान एक व्यक्ति जिसका नाम कॉल टॉमस एलन बताया जा रहा है, उसने सीक्रेट सर्विस के एक सदस्य पर फायरिंग की. बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से उसकी जान बच गई. हालांकि, ये पहली बार नहीं है जब हिल्टन होटल सुर्खियों में आया हो. खासकर अमेरिकी राष्ट्रपति के संदर्भ में देखें तो पहले भी यहां गोलीबारी की घटना हो चुकी है. साल 1981 में तत्कालीन प्रेसिडेंट रॉनल्ड रीगन को भी यहीं गोली मारी गई थी.
1981 में क्या हुआ था?30 मार्च 1981 को रोनाल्ड रीगन को इसी होटल में गोली मारी गई थी. यह घटना तब हुई थी जब वो एक भाषण के बाद होटल से निकल गए थे. तब हमलावर जॉन हिंकले जूनियर ने कई गोलियां चलाई थीं. इनमें से एक गोली पहले राष्ट्रपति की लिमोसिन पर लगी. फिर वो पलट कर वापस प्रेसिडेंट रीगन की छाती में आ लगी थी. गोली लगने से उनके फेफड़े पंचर हो गए. उनकी पसलियों में फ्रैक्चर भी हुआ और उन्हें तुरंत सर्जरी के लिए अस्पताल ले जाया गया. बाद में वह ठीक हो गए और वापस से काम करने लगे.
इस शूटिंग में उनके प्रेस सचिव जेम्स ब्रैडी को गोली लगी थी. उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे वह जीवन भर के लिए अपाहिज हो गए. बाद में उनके मामले ने अमेरिकी गन कंट्रोल नियमों की नींव रखी. इन कानूनों में ही गन लेने से पहले बैकग्राउंड चेक की बात को शामिल किया गया. हालिया घटना में मेन हॉल के बाहर एक स्क्रीनिंग एरिया के पास गोलीबारी की घटना के बाद ट्रम्प को सुरक्षा घेरे में कार्यक्रम वाली जगह से बाहर निकाला गया.
मामले की जांच जारीअलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक घटना के फुटेज में दिख रहा है कि शूटर पहले बॉलरूम की तरफ जाने के लिए हाथापाई कर रहा था. इसी दौरान किसी समय एक ऑफिसर को गोली लग गई. ऑफिसर ने प्रोटेक्टिव वेस्ट पहना हुआ था और उसे छाती में गोली लगी लेकिन शरीर बच गया. फिलहाल वह स्टेबल है और प्रेसिडेंट समेत लोगों से बात कर रहा है. अब सबकी नजरें इस बात पर होंगी कि क्या वहां काफी सिक्योरिटी थी और क्या गनमैन प्रेसिडेंट के बहुत करीब आ गया था?
सीक्रेट सर्विस कह रही है कि इससे असल में पता चलता है कि चारों ओर लगाया गया सिक्योरिटी घेरा काम कर गया, क्योंकि वे उसे कमरे में जाने से रोकने में कामयाब रहे, जहां, बेशक, प्रेसिडेंट समेत सभी हाई-प्रोफाइल लोग थे. लेकिन 2024 में बटलर, पेन्सिलवेनिया में ट्रंप पर गोली चलने के बाद भी किसी गनमैन का उनके इतने करीब पहुंच जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है.
वीडियो: ट्रंप ने भारत को Hell-Hole कहा, भारत से पहले ईरान ने ही सुना दिया

