दंगे के आरोपी MLA दिल्ली में टहिल रहे हैं!
कोर्ट उन्हें 'भगोड़ा' घोषित कर चुका है और पुलिस उनकी तलाश में है. पर वे चूंकि वे हैं, इसलिए बड़े-बड़े नेताओं संग टहल रहे हैं.
जितेंद्र सिंह (बीच में), कसूरू (सबसे दाएं). फोटो: द इंडियन एक्सप्रेस
कुलदीप
14 मार्च 2016 (Updated: 13 मार्च 2016, 03:48 AM IST)
जम्मू-कश्मीर के बीजेपी विधायक हरि किशन उर्फ 'कसूरू' पर दंगे और मर्डर का आरोप है. कोर्ट उन्हें 'भगोड़ा' घोषित कर चुका है और सूबे की पुलिस उनकी तलाश में है. पर वे चूंकि वे हैं, इसलिए दिल्ली में खुलेआम बड़े-बड़े नेताओं संग टहल रहे हैं.
'भगोड़े' विधायक हरिकिशन शुक्रवार को पीएमओ में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह के साथ दिल्ली में दिखे. बाकायदे तस्वीर भी खिंची. लेकिन यह तस्वीर अंग्रेजी अखबार 'द इंडियन एक्सप्रेस' के हाथ लग गई. इस तस्वीर में हरिकिशन के अलावा किश्तवाड़, डोडा और भद्रवाह के बीजेपी विधायक जितेंद्र सिंह के साथ नजर आ रहे हैं. जितेंद्र सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के PMO का काम-काज संभालते हैं और उनके बेहद भरोसेमंद नेताओं में से हैं.
कसूरू पर आरोप क्या है?
साल 2013 की ईद आने वाली थी. किश्तवाड़ में सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी. इसी दौरान कसूरू समेत 9 लोगों पर 52 साल की लासा खांडे की हत्या करने का आरोप लगा. खांडे अपने जख्मी बेटे और भाई के साथ एंबुलेंस से गुलाबगढ़ जा रही थीं. वहां से उन्हें प्लेन से उधमपुर मिलिट्री हॉस्पिटल जाना था. लेकिन रास्ते में ही भीड़ ने एंबुलेंस पर हमला कर दिया और खांडे को अगवा कर लिया. अगले दिन पुलिस को उनकी लाश मिली. इसका आरोप कसूरू समेत 9 लोगों पर लगा.
डेलीगेशन था मिल लिए, जानते नहीं हैं: जितेंद्र सिंह
'द इंडियन एक्सप्रेस' से बातचीत में जितेंद्र सिंह ने 'कसूरू' से किसी कनेक्शन से इनकार किया. उन्होंने कहा कि विधायक सुनील शर्मा की अगुवाई में किश्तवाड़ के पद्दार से एक डेलीगेशन उनसे मिलने आया था. वे कुछ लोगों के लिए शिड्यूल्ड ट्राइब (एसटी) का स्टेटस चाहते थे.
उन्होंने कहा, 'हम दिन में कई डेलीगेशन से मिलते हैं. जिनमें से बहुत सारे लोगों को हम नहीं जानते हैं.' अखबार ने लिखा है कि बीजेपी विधायक सुनील शर्मा, जो PDP-BJP सरकार में मंत्री थे, ने अखबार से यह खबर न छापने की रिक्वेस्ट की. उन्होंने कहा, 'अपने लोगों के बारे में बात करना ठीक नहीं होता.'
वैसे 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले कसूरू ने जितेंद्र सिंह और विधानसभा चुनाव से पहले सुनील शर्मा के लिए चुनाव प्रचार किया था. किश्तवाड़ उधमपुर संसदीय सीट का ही हिस्सा है. जितेंद्र सिंह उधमपुर से ही सांसद हैं.
लेकिन देखिए फिर भी कोई किसी को नहीं जानता. डोडा से बीजेपी विधायक शक्ति परिहार भी इसी तस्वीर में दिख रहे हैं, लेकिन कहते हैं कि वह कसूरू को नहीं जानते. उन्होंने कहा, 'मैं, सुनील शर्मा और भद्रवाह से विधायक दिलीप परिहार, हम तीनों नितिन गडकरी जी से मिलने गए थे. यह कहने के लिए कि हाल के सेंट्रल रोड फंड में चिनाब घाटी इलाके की सड़कों को कवर नहीं किया गया है. उनसे मुलाकात के बाद हम जितेंद्र सिंह से मिलने पहुंचे. वहां पहले से पद्दार से एक डेलीगेशन पहुंचा हुआ था. हरिकिशन भी वहां थे, पर मैं उन्हें नहीं जानता था. '