The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Vladimir Putin said on Russia Ukraine war The matter is about to end moscow victory parade

'मामला खत्म होने वाला है,' रूस-यूक्रेन युद्ध पर व्लादिमीर पुतिन ने बड़ी बात कह दी

Vladimir Putin ने रूसी सेना की तारीफ की. जब उनसे पूछा गया कि क्या वे यूक्रेनी राष्ट्रपति Volodymyr Zelenskyy से सीधे मिलेंगे, तो पुतिन ने कहा कि Russia-Ukraine के बीच स्थायी शांति का रास्ता तय होने के बाद ही मुलाकात मुमकिन होगी.

Advertisement
pic
10 मई 2026 (पब्लिश्ड: 12:07 PM IST)
Russian President Vladimir Putin, Vladimir Putin, russia ukraine war, russia ukraine ceasefire
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन. (Reuters)
Quick AI Highlights
Click here to view more

रूस और यूक्रेन के बीच पिछले चार साल से चल रही विध्वंसक जंग को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि यूक्रेन के साथ जंग का मामला खत्म होने की तरफ बढ़ रहा है. पुतिन के इस बयान के बाद पूरी दुनिया में चर्चा तेज हो गई है कि शायद अब रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म होने का समय आ गया है. दोनों देशों के बीच जंग खत्म करने के लिए बातचीत शुरू हो सकती है.

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का बयान ऐसे समय आया, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के प्रस्ताव पर रूस-यूक्रेन ने तीन दिन का सीजफायर शुरू कर दिया. दोनों देशों ने 1000-1000 कैदियों की अदला-बदली करने का फैसला भी किया है. इसे युद्ध शुरू होने के बाद कैदियों की सबसे बड़ी अदला-बदली माना जा रहा है.

रूस की परेड का माहौल बदला

हर साल रूस में विजय दिवस (Victory Day) पर बड़ी मिलिट्री परेड होती है. शनिवार, 9 मई को मॉस्को में व्लादिमीर पुतिन ने विजय दिवस के मौके पर मीडिया से बात करते हुए हुए कहा,

"मुझे लगता है कि यह मामला खत्म हो रहा है."

यूक्रेन के साथ लड़ाई में रूस ने काफी कुछ झोंका है. लेकिन, इस बयान के बाद इशारा मिला कि शायद दोनों देशों के बीच युद्ध खत्म करने के लिए पर्दे के पीछे डिप्लोमैटिक कशिशें तेज हो रही हैं. इस बार रूस की मिलिट्री परेड का नजारा भी अलग था. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मॉस्को की सड़कों पर टैंक नहीं दिखे. उनकी जगह बड़ी स्क्रीन पर मिसाइल, ड्रोन और लड़ाकू विमान दिखाए गए.

परेड में यूक्रेन युद्ध में लड़ चुके रूसी सैनिक भी शामिल हुए. नॉर्थ कोरिया के सैनिक, जो कथित तौर पर रूस के लिए लड़ रहे हैं, वे भी रूस की परेड में नजर आए. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रूस की विजय दिवस परेड पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि यूक्रेन, मॉस्को के रेड स्क्वायर पर हमला नहीं करेगा और रूस अपनी परेड आराम से कर सकता है.

Donald Trump
डॉनल्ड ट्रंप का पोस्ट. (truthsocial.com/@realDonaldTrump)
NATO पर भड़के पुतिन

अपने भाषण में व्लादिमीर पुतिन ने रूस की सेना की तारीफ की. इस बीच, पुतिन ने यूरोपीय नेताओं में अपना सबसे पसंदीदा नेता जर्मनी के पूर्व चांसलर गेरहार्ड श्रोएडर को बताया. उन्होंने कहा,

“निजी तौर पर मेरे लिए फेडरल रिपब्लिक ऑफ जर्मनी के पूर्व चांसलर मिस्टर श्रोएडर बेहतर हैं.”

पुतिन ने नॉर्थ अटलांटिक ट्रीटी ऑर्गेनाइजेशन (NATO) को जरूर निशाने पर लिया. उन्होंने NATO पर हमला बोलते हुए कहा कि पश्चिमी देश रूस के खिलाफ आक्रामक ताकत को समर्थन दे रहे हैं. जब उनसे पूछा गया कि क्या वे यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से सीधे मिलेंगे, तो पुतिन ने कहा कि दोनों देशों के बीच स्थायी शांति का रास्ता तय होने के बाद ही मुलाकात मुमकिन होगी.

ट्रंप ने युद्ध रोकने की अपील की

अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने भी युद्ध रोकने की अपील की. वाशिंगटन में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा,

“मैं चाहता हूं कि यह युद्ध रुक जाए. रूस-यूक्रेन की लड़ाई दूसरे विश्व युद्ध के बाद इंसानी जानों के लिहाज से सबसे भयानक संघर्ष बन चुकी है.”

रूस-यूक्रेन युद्ध फरवरी 2022 में शुरू हुआ था. इस जंग में लाखों लोग मारे गए या घायल हुए हैं. कई यूक्रेनी शहर तबाह हो चुके हैं और रूस तथा पश्चिमी देशों के रिश्ते बेहद खराब हो गए हैं. अब पुतिन के नए बयान के बाद दुनिया की नजर इस बात पर है कि क्या सच में यह युद्ध खत्म होने की तरफ बढ़ रहा है.

वीडियो: अमेरिका में ट्रंप ने ‘एलियन फाइल्स’ खुलवा दी?

Advertisement

Advertisement

()