The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Virender Sehwag: The man who hit triple centuries twice in Test cricket

वो दिन जब सहवाग ने दिल्ली के लड़के से किया वादा पाकिस्तान जाकर पूरा किया था

सहवाग ने 29 मार्च को लगाई हैं दो ट्रिपल सेंचुरी.

Advertisement
pic
29 मार्च 2019 (अपडेटेड: 29 मार्च 2019, 07:38 AM IST)
Img The Lallantop
फोटो - thelallantop
Quick AI Highlights
Click here to view more
साल 2004. लोगों के पास तेजी से मोबाइल फोन आ रहे थे. खासकर रिलायंस के मोबाइल. टीवी पर 'कर लो दुनिया मुट्ठी में' का नारा खूब चल रहा था. उस बीच एक दिन दिल्ली में अपने स्कूल के सामने रिलायंस मोबाइल स्टोर के बाहर एक बैनर लटका देखा था. उसपर लिखा था- मिलिए अपने पसंदीदा क्रिकेट स्टार वीरेंद्र सहवाग से. जिस किसी तक भी ये खबर पहुंची, उसने स्कूल बंक कर दिया. सहवाग को देखने का इतना पागलपन्न था कि घंटों पहले लाइन में आगे खड़े हो गए थे. उस वक्त टीवी पर रिलायंस मोबाइल का वो विज्ञापन काफी चल रहा था, जिसमें खेलते हुए सहवाग को मां का फोन आता है. घुंघराले बालों वाला वो क्रिकेटर एक काली लैंसर कार में आया और लड़कों की चीखें निकल गईं. सहवाग-सहवाग के नारे लग गए. रिलायंस मोबाइल के पेंफलेट पर जिस किसी को भी सहवाग का ऑटोग्राफ मिल गया, वो खुद को दूसरी दुनिया का मानने लगा था. सहवाग अपनी गाड़ी की तरफ तेजी से बढ़ रहे थे और पीछे लड़कों की भीड़ थी. मगर जैसे ही किसी ने पीछे से चिल्लाकर कहा- सहवाग! पाकिस्तान को धो देना. सहवाग के कदम थम गए और पीछे पलटकर बोले- पक्का. दो दिन बाद टीम पाकिस्तान के लिए रवाना हो गई. तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मुल्तान में 28 मार्च को शुरू हुआ. टॉस जीतकर इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. आकाश चोपड़ा और वीरेंद्र सहवाग की सलामी जोड़ी ने भारतीय पारी की शुरुआत की. दिल्ली की इस जोड़ी ने विकेट नहीं खोए. सहवाग ने पहली गेंद पर ही चौका मार दिया. मैदान के चारों ओर चौके लगने लगे. आकाश चोपड़ा गेंद को रोकते और सहवाग धोते. बल्ले के बीचोंबीच से निकले सहवाग के उन शॉट्स को सुनकर यूं लगता कि टेनिस का कोई मैच चल रहा है. Virender Sehwag in Multan भारत का पहला विकेट 160 रनों पर गिरा. आकाश चोपड़ा ने 121 गेंदों पर 42 रन मारे थे. सहवाग ने शुरुआत से ही वो स्पीड पकड़ी थी कि 56 रनों के स्कोर पर वीरू 10 चौके और 1 छ्क्का लगा चुके थे और टीम का स्कोर 73 रन था. जब शतक पूरा किया तो टीम का स्कोर 142 रन था. क्या शोएब अख्तर, क्या मोहम्मद समी, क्या अब्दुल रज्जाक, क्या शब्बीर अहमद और क्या सकलैन मुश्ताक़. सबको बढ़-बढ़ कर मारा वीरेंद्र सहवाग ने.  टीम 296 रनों पर पहुंची और सहवाग 200 रन का निशान पार कर चुके थे. पहले दिन का खेल खत्म होने पर सहवाग 228 पर नाबाद थे. साथ में सचिन खेल रहे थे जो उस फिल्म की स्क्रिप्ट में सपोर्टिंग एक्टर की भूमिका में दिख रहे थे. उस नायाब पारी की कुछ झलकियां देखिए: अगली सुबह जब दिल्ली के नजफगढ़ का ये लड़का फिर मैदान पर उतरा तो रिकॉर्ड बुक में कई नए आयाम जुड़ते गए. उसी रफ्तार से वीवीएस लक्ष्मण के 281 रनों के स्कोर को पीछे छोड़ा और फिर पार कर लिया 300 का निशान, वो भी खास अंदाज में. सकलैन मुश्ताक़ की गेंद पर थर्ड मैन के ऊपर से सहवाग ने लंबा छक्का जड़ कर अपना तिहरा शतक पूरा किया. देखकर लगा कि सहवाग ने उस लड़के की बात दिमाग में रखकर ही ये छक्का मारा हो. ये पाकिस्तान को धो देने वाली पारी थी. दुनिया में पहला बल्लेबाज जिसने अपना तिहरा शतक छक्का मारकर पूरा किया हो. साथ ही 300 का निशान पार करने वाला पहला भारतीय. 375 गेंदों में 309 रन बनाकर सहवाग आउट हुए. इस अद्भुत पारी में 39 चौके और 6 छक्के भी लगे थे. Sehwag 319 अब इसे महज संयोग कहें या कुछ और कि सहवाग के बल्ले से पहला तिहरा शतक 29 मार्च 2004 को निकला. ठीक चार साल बाद 29 मार्च 2008 को फिर से सहवाग ने एक और तिहरा शतक मारा. इस बार टीम साउथ अफ्रीका की थी. चेन्नई का चेप्पुक स्टेडियम था. सहवाग पर वो भूत चढ़ा कि दुनिया में सबसे तेज तिहरा शतक जड़ दिया. 278 गेंदों में 300 रन. उस पारी में 304 गेंदें खेलीं और 319 रन बनाकर आउट हुए. इसमें 42 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. इस पारी के साथ सहवाग दुनिया में दो तिहरे शतक मारने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए थे. पहला नाम सर डॉन ब्रेडमैन (334 औऱ 304) का और दूसरा ब्रायन लारा (375 और 400) का था. बाद में क्रिस गेल ने भी 2010 में अपना दूसरा तिहरा शतक मारा था.  सहवाग के अलावा करुण नायर ही इकलौता भारतीय नाम है जिसने टेस्ट में तिहरा शतक लगाया है. करुण ने 2016 में चेन्नई के मैदान पर ही इंग्लैंड के खिलाफ 303 रनों की नाबाद पारी खेली थी. 319 रनों की पारी का वीडियो देखिए:
लल्लनटॉप वीडियो भी देखिए-

Advertisement

Advertisement

()