शिजू बालानंदन, जिन्होंने 12 साल पहले कह दिया था कि विराट सचिन का रिकॉर्ड तोड़ेंगे
शिजू ने विराट के 12 वें शतक से गिनती शुरू की. विराट के 35 वें शतक के बाद शिजू ने दुनिया को अलविदा कह दिया. लेकिन गिनती जारी रही. और अंततः 2023 में वो सही साबित हुए.

ICC World Cup 2023 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच खेलते हुए विराट कोहली (Virat Kohli) ने सचिन तेंदुलकर के वनडे शतकों का रिकॉर्ड तोड़ा. 117 रन बनाकर विराट ने अपना 50वां वनडे शतक लगाया. विराट कोहली के फैन्स को हमेशा से ये भरोसा था कि एक दिन विराट कोहली ही सचिन तेंदुलकर के 49 वनडे शतक वाला रिकॉर्ड तोड़ेंगे. विराट कोहली के एक फैन ने तो इसकी भविष्यवाणी 2012 में ही कर दी थी.
‘ही न्यू’शिजू बालानंदन ने 22 जुलाई, 2012 को फेसबुक पोस्ट किया था. जब विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ अपना 12वां वनडे शतक लगाया था, तब शिजू ने कहा था कि विराट सचिन के वनडे शतक का रिकॉर्ड तोड़ेंगे.

आज 11 साल बाद शिजू बालानंदन और उनके उस फेसबुक पोस्ट को याद किया जा रहा है. उनका फेसबुक पोस्ट और उनके पोस्ट पर किए गए कॉमेंट वायरल हो रहे हैं. इसकी वजह ये है कि शिजू ने अपने 2012 की पोस्ट पर विराट के शतक की गिनती शुरू की थी.

विराट के 13वें शतक से शुरू हुई शिजू बालानंदन की गिनती चलती रही. लेकिन पांच साल पहले यानी 2018 में शिजू का निधन हो गया. लेकिन उनके उस पोस्ट पर विराट के शतकों की गिनती नहीं रुकी. शिजू के बाद उनके दोस्तों ने उसी पोस्ट पर विराट कोहली के शतकों की गिनती जारी रखी.
शिजू को याद करते हुए विराट कोहली के शतक को उनके पोस्ट के कॉमेंट्स में दर्ज किया जाने लगा. और फिर आया 15 नवंबर 2023 का दिन. जब विराट कोहली ने अपना 50वां वनडे शतक ठोंका. सचिन तेंदुलकर के 49 वनडे शतक का रिकॉर्ड तोड़ा. और शिजू के 11 साल पुराने फेसबुक पोस्ट पर विराट के शतकों की गिनती भी 50 पर पहुंची.

ये भी पढ़ें- सचिन का रिकॉर्ड तोड़कर पहली बार क्या बोले विराट कोहली?
विराट कोहली के फैन और उनके शतकों के रिकॉर्ड की भविष्यवाणी करने वाले शिजू बालानंदन के बारे में स्पोर्ट्स एनालिस्ट जॉय भट्टाचार्य ने X पर पोस्ट किया है. जॉय भट्टाचार्य ने लिखा,
“जुलाई 2012 में, जब विराट ने अपना 12वां वनडे शतक बनाया, तब शिजू बालानंदन ने फेसबुक पर भविष्यवाणी की थी कि उनके आदर्श (विराट कोहली) 50 (शतक) तक पहुंचेंगे. वह विराट के 35वें शतक तक अपने पोस्ट पर अपडेट करते रहे और फिर शिजू ने हमें छोड़कर इस दुनिया से चले गए. उनके बाद उनके दोस्तों ने (विराट कोहली के शतक की) गिनती जारी रखी. और कल, शिजू की भविष्यवाणी पूरी हुई!”
सोशल मीडिया पर शिजू बालानंदन का पोस्ट 11 साल बाद अब वायरल हो रहा है. लोग उनके 2012 के पोस्ट और उस पर उनके कॉमेंट्स का स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे हैं. और उन्हें याद कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर के लिए 15 नवंबर क्यों है खास?
वीडियो: विराट कोहली के 50वें शतक के बाद अनुष्का शर्मा की तारीफ़ क्यों होनी चाहिए?

