शिवम को खंभे से बांधकर इतना मारा जान ही चली गई, कसूर जानते हैं क्या था?
32 साल के शिवम पर सिर्फ डंडे नहीं बरसाए गए.

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर को इतना मारा गया कि उसकी मौत हो गई (Man Beaten to Death Shahjahanpur). घटना का वीडियो सोशल मीडिया वायरल है जिसके चलते मामला बड़ा हो गया है. मैनेजर की पिटाई में शामिल लोगों पर आरोप है कि उन्होंने चोरी का इल्जाम लगाकर उसे बंधक बनाया, फिर बुरी तरह पीटा. वीडियो में एक शख्स मैनेजर को लगातार डंडे मारता दिख रहा है. बाद में पीड़ित की मौत हो गई. पुलिस ने घटना से जुड़े कुछ आरोपियों की गिरफ्तार की है.
चोरी का आरोप लगाकर माराआजतक से जुड़े विनय पांडेय की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने पीड़ित का नाम शिवम जौहरी उर्फ अंशुल बताया है. वो शाहजहांपुर के अजीजगंज मोहल्ले में रहते थे. उनके परिवारवालों ने पुलिस को बताया कि घटना मंगलवार, 11 अप्रैल की है. उन्हें शिवम का शव शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज में होने की जानकारी मिली थी. वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि शिवम के शरीर पर चोटों के निशान थे. उन्होंने ‘सूरी ट्रांसपोर्ट’ कंपनी के मालिक बंकिम सूरी, एक अन्य व्यक्ति कन्हैया हौजरी और उनके गुर्गों पर शिवम की हत्या करने का आरोप लगाया है.
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद 6-7 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है. जांच के लिए वायरल वीडियो का भी संज्ञान लिया गया है. आनंद ने कहा कि वीडियो में दिख रहे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने बताया कि शिवम सूरी ट्रांसपोर्ट में मैनेजर थे. वो कंपनी में कपड़े पहुंचाने का काम करते थे. घटना के दिन मालिक का माल को लेकर शिवम से विवाद हो गया था. उनका आरोप था कि उनके पास जो माल आया वो रोज के मुकाबले कम था. इसे 'चोरी' बताकर उन्होंने मामला खुद से ही निपटाने का फैसला कर लिया. पुलिस को रिपोर्ट करने के बजाय उन्होंने शिवम को बंधक बनाया और उन्हें बुरी तरह पिटवाया.
कुछ मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक पिटाई के दौरान 32 वर्षीय शिवम को करंट भी लगाया गया. दैनिक भास्कर की दैनिक भास्कर ने बताया शिवम सूरी ट्रांसपोर्ट में सात साल से मैनेजर थे. मंगलवार को कन्हैया हौजरी का सामान ट्रांसपोर्ट के लिए शिवम के पास आया था. कन्हैया ने आरोप लगाया उसका कुछ सामान वहां चोरी हुआ था. ये बात बंकिम सूरी तक पहुंची तो उसने और कन्हैया ने चोरी का आरोप कबूलवाने के लिए शिवम को पिटवाया. लेकिन पिटाई से शिवम की मौत हो गई.
अखबार के मुताबिक बाद में कन्हैया हौजरी का ही कोई कर्मचारी शिवम के शव को मेडिकल कॉलेज में छोड़कर भाग गया. बाद में शिवम के पिता अधीर जौहरी ने पुलिस में सात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है. इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बंकिम सूरी समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया.
वीडियो: शाहजहांपुर कोर्ट में जलालाबाद के वकील की हत्या, आरोपी ने क्या वजह बताई?

.webp?width=60)

