"पानी पर चलती हैं...पूजा करो", VIRAL महिला का सच जानकर माथा पीट लेंगे
लोग महिला की पूजा करने लगे थे.

मध्य प्रदेश के जबलपुर (Jabalpur) में एक बुजुर्ग महिला खूब चर्चा में है. बीते कई दिनों से उन्हें नर्मदा के घाटों पर देखा जा रहा था. इस बीच महिला एक वीडियो वायरल हो गया, जिसमें वो नदी के पानी में चलती दिख रही हैं. वीडियो ये कहकर शेयर किया जाने लगा कि ‘बुजुर्ग महिला चमत्कारी हैं, पानी पर चलती हैं और पानी में भी उनके कपड़े गीले नहीं होते’.
दर्शन के लिए जुटने लगे लोगइलाके में ये अफवाह इस कदर फैली कि महिला जहां जातीं, उन्हें देखने सैकड़ों लोग जुटने लगे. बुजुर्ग महिला को 'नर्मदा माई' कहा जाने लगा. एक ट्विटर यूजर ने महिला का वीडियो शेयर करते हुए लिखा,
एक बूढ़ी मां नर्मदा नदी के बीचों बीच ऐसे चल रही थीं, जैसे मानो सड़क पर चल रही हों. नर्मदा नदी पर डुबकी लगाने पर भी गीली नहीं हो रही थीं.
इसी तरह और भी कई लोगों ने सोशल मीडिया पर महिला का वीडियो शेयर किया. वहीं इलाके के लोग महिला के दर्शन के लिए जुटने लगे. मामला जब पुलिस के सामने आया, तब पता चला कि महिला का नाम ज्योति बाई रघुवंशी है.
महिला ने क्या बताया?आजतक के धीरज शाह की रिपोर्ट के मुताबिक महिला नर्मदापुरम की रहने वाली हैं. ज्योति बाई की उम्र 51 साल है. पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया कि ना तो वो पानी पर चल सकती हैं और ना ही ऐसा है कि पानी में उनके कपड़े गीले नहीं होते.
महिला ने बताया कि वो कोई चमत्कार नहीं करती बल्कि वो घर में बिना बताए नर्मदा परिक्रमा के लिए निकली थीं. 'चमत्कार' के तमाम दावों के साथ वायरल वीडियोे के बारे में महिला ने बताया कि एक जगह उथली नर्मदा नदी में जब वो चल रही थीं, तब किसी ने उनका वीडियो बना लिया. फिर अफवाह फैल गई कि वह नर्मदा देवी का स्वरूप हैं, जो पानी पर चलती हैं.
महिला ने साफ किया कि नदी में उथले पानी के कारण लोगों को लगा, वो पानी पर चल रही हैं, जबकि असल में ऐसा कुछ नहीं है. कपड़े गीले नहीं होने की बात पर उन्होंने बताया कि उनके कपड़े धूप के कारण जल्दी सूख जाते थे.
रिपोर्ट के मुताबिक जब पुलिस ने महिला बारे में अधिक जानकारी ली, तब पता चला कि महिला मई, 2022 से अपने घर से लापता थीं. उनके बेटे ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दी थी. मामले पर जबलपुर के एडिशनल SP (साउथ) संजय अग्रवाल ने बताया कि बुजुर्ग महिला को अब उनके परिवार के पास पहुंचा दिया गया है.
वीडियो: सोशल लिस्ट: नाच-नाचकर पहाड़ा याद कर रहे हैं बच्चे, वायरल हुआ सीधी के टीचर्स का ये वीडियो

