'राधे-राधे' सुनते ही तालियां बजाता है ये कुत्ता, वीडियो देख लोग बोले- 'दिन बन गया'
इस वीडियो को 60 लाख़ से भी ज़्यादा लोग देख चुके हैं.

सालों पहले हमारे परिवार ने एक कुत्ता पाला था. टायसन नाम था उसका. बहुत खतरनाक. कटखना नहीं था वो. फितरत से लड़ाका था. हमेशा दूसरे कुत्तों से लड़ने को तैयार. अनजान शख्स छोड़िए दोस्त-रिश्तेदार भी उसके रहते घर में घुसने से डरते थे. लेकिन टायसन की एक स्वीट साइड भी थी. वो गाता था. सारेगामापा की तरह नहीं, लेकिन एक खास धुन सुनते ही हू-हू करने लगता था. और इसके लिए हम उसे बिस्किट या हड्डी देने का लालच भी नहीं देते थे. बस उसने धुन पकड़ ली थी.
इसी तरह दूसरे कुत्तों का भी अपना-अपना यूनीक नेचर होता है. सोशल मीडिया पर एक कुत्ते का वीडियो वायरल हो रहा है. ऐसा वैसा कुत्ता नहीं. ताली बजाने वाला कुत्ता. उसे समझ आता है कि कब उसे ताली बजानी है. जैसे हम छोटे बच्चों को बोलते हैं, राधे-राधे बोलो और ताली बजाओ. कुत्ता भी राधे-राधे सुनता है तो दो पैरों पर बैठकर आगे के दो पैरों से ताली बजाने लगता है. कुत्ते की ये खूबी लोगों को खूब पसंद आ रही है. उसके वीडियो को 60 लाख़ से भी ज़्यादा लोग देख चुके हैं.
इंस्टाग्राम पर कुत्ते के वीडियो को @evyaanb नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. इस अकाउंट से अपलोड किए गए ज्यादातर वीडियो एव्यान और अगस्त्य नाम के दो भाइयों के हैं. कुत्ते वाला वीडियो एक पार्क का है. इसमें पहले कुछ लोग बोलते हैं कि राधे-राधे करो. कुत्ता उस समय खड़ा रहता है. एक बेंच के पास. बाद में दो पैरों पर बैठता है और दो पैर ऊपर उठाकर उनसे ताली बजाने लगता है. वहां मौजूद लोग पीछे से राधे-राधे बोलते हैं. और जैसे ही लोग राधे-राधे बोलना बंद करते हैं, वैसे ही कुत्ता भी ताली बजाना बंद कर देता है. वीडियो के कैप्शन में लिखा है,
"पूंछ हिलाते और मुस्कुराते हुए, कुत्ता 'राधे-राधे' के लिए तालियां बजा रहा है."
वायरल वीडियो पर लोग लाइक-शेयर-कॉमेंट कर रहे हैं. सिंगर आस्था गिल ने भी वीडियो को पसंद किया.

गौरव नाम के यूजर ने एक फ़ोटो शेयर की, जिसमें तीन कुत्ते ताली बजा रहे हैं.

पार्थ सैनी नाम के यूजर ने लिखा,
“जब बेजुबां राधे-राधे बोल सकते हैं, तो हम क्यों नहीं, तो बोलो प्यार से राधे-राधे.”

जानकी नाम की यूजर ने जानवरों के लिए लिखा,
“जानवर इंसानों से बेहतर हैं, वे हर भावना को इंसानों से बेहतर समझते हैं.”

बिंदिया ऋषि नाम की यूजर ने लिखा,
“दिन बन गया, ये वीडियो देखकर.”

एक यूजर ने मज़ाक में लिखा,
“और वही कुत्ता भगवान को भूलकर रात में इंसानों के पीछे दौड़ता है.”

आपका इस वीडियो पर क्या कहना है, हमें कॉमेंट बॉक्स में बताइए.
ये भी पढ़ें: साढ़े 3 लाख रुपये खा गया कुत्ता, पता है फिर निकाले कैसे गए?
वीडियो: लिफ्ट में कुत्ता ले जा रहा था शख्स, महिला से लड़ाई हो गई

