चोरी के शक में पेड़ से लटकाया और नीचे आग लगा दी
वीडियो वायरल हुआ है. ये सब करने वाला गांव प्रधान ही था.

इंसान किस हद तक क्रूर हो सकता है, इसकी मिसाल उत्तर प्रदेश में देखने को मिली है. यहां कुछ लोगों ने एक लड़के को पहले पेड़ से लटकाया और फिर उसके नीचे आग लगा दी. जैसा कि इन दिनों चलन है, घटना का वीडियो बना, वायरल हुआ. फिर मामला पुलिस के पास पहुंचा और 6 लोगों के खिलाफ FIR हुई. मुख्य आरोपी गांव का प्रधान है, जिसे गिरफ्तार कर लिया है.
आजतक से जुड़े सुधीर शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक घटना उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के डिवायची गांव की है. आरोप है कि मुकेश नाम के जिस व्यक्ति को पेड़ से लटकाया गया, उसने चोरी की थी. इसलिए गांव के प्रधान विष्णु दयाल और उनके परिवार के कई लोगों ने मिलकर पीड़ित को पहले पेड़ से लटकाया और फिर नीचे से आग लगा दी. तब जाकर गांव के कुछ लोगों ने दखल दिया और पीड़ित की जान बचाई. ये सब 28 मार्च को हुआ, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ 3 अप्रैल से.
मुकेश ने गांव के प्रधान और कुछ लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है. इस मामले में फिरोजाबाद देहात के SP कुमार रणविजय सिंह ने आजतक से कहा,
'3 अप्रैल को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ. जिसके बारे में हमें जब जानकारी प्राप्त हुई तो पता चला कि ये वीडियो थाना शिकोहाबाद के गांव डिवायची का है और घटना 28 मार्च की है. वीडियो में एक व्यक्ति को पेड़ से लटका हुआ देखा गया. साथ ही पेड़ के नीचे आग लगाई गई और वीडियो में कई लोग भी मौजूद थे. जानकारी प्राप्त की गई तो पता चला कि डिवाइची गांव के प्रधान विष्णु दयाल और उनके परिवार के कई लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति को पेड़ से लटका दिया था. और उसके बाद पेड़ के नीचे आग लगा दी थी. लेकिन समय रहते पीड़ित को कुछ लोगों ने बचा लिया.'
उन्होनें आगे कहा कि जब पुलिस को घटना की सूचना मिली तो FIR दर्ज हुई. FIR में 6 लोग नामजद हुए. और 6 अप्रैल को पुलिस ने प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है. बाकी लोगों पर पुलिस जल्द ही कार्रवाई करेगी. इसके साथ ही सबूतों के आधार पर केस की आगे जांच होगी.
वीडियो: तेलंगाना में एटीएम से चोरी के दौरान क्या हुआ कि सड़क पर बिखर गए नोट?

