गदर-2 देखते दर्शकों को बाउंसरों ने पीटा, पुलिस के सामने भी नहीं रुके, वीडियो वायरल!
कानपुर में गदर-2 देखने गया एक युवक तो घर ही नहीं लौटा, लाश मिली...

गदर-2 बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर रही है. फिल्म के रीलीज़ होने के बाद से ही सिनेमाघरों में काफी भीड़ देखी जा रही है. मगर हर जगह खुशी ही नहीं है, कहीं बवाल भी है. ऐसा ही एक मामला आया है, कानपुर शहर से. जहां बीते दिनों एक सिनेमाघर के अंदर बवाल हुआ. बवाल इतना बढ़ा कि बाउसंरों से लोगों की मारपीट हो गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. जबकि एक अलग मामले में गदर-2 देखने गए युवक का शव बरामद हुआ है.
आज तक से जुड़े सिमर चावला की रिपोर्ट के मुताबिक मामला कानपुर के जूही थाना अंतर्गत स्थित साउथ एक्स मॉल के PVR का है. जहां फिल्म देखने आए कुछ लोगों ने AC खराब होने की शिकायत की. काफी देर तक AC ठीक नहीं होने पर गर्मी से परेशान ऑडियंस ने हंगामा शुरू कर दिया. कुछ लोगों ने टिकट का पैसा वापस मांगा. जिसके बाद मैनेजर से उनकी कहासुनी हो गई. तभी वहां मौजूद बाउंसर और दर्शकों के बीच मारपीट शुरू हो गई. बाउंसरों पर आरोप है कि उन्होंने कई दर्शकों की पिटाई की, जिस वजह से उन्हें चोटें आई हैं. वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे बाउंसर एक शख्स को पीट रहे हैं.
घटना की सूचना मिलने पर वहां पुलिस की टीम पहुंची. उनकी मौजूदगी में भी बाउंसरों ने लोगों से मारपीट की और फिर वहां से भाग निकले. ऐसे में लोगों ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की. बाउंसरों पर कार्रवाई की मांग की. कुछ पीड़ितों ने आरोप लगाया कि थिएटर वालों ने कई लोगों को रिफंड दे दिया और उन्हें धक्के मार कर सिनेमाघर से बाहर निकाल दिया. मामले को लेकर जूही थाना इंचार्ज का कहना है कि साउथ एक्स मॉल के स्टाफ पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
कानपुर में ही एक और मामला सामने आया है. जहां अपने दोस्त के साथ गदर-2 देखने गए एक युवक का शव सड़क किनारे बरामद किया गया. परिवारवालों ने इस घटना को लेकर युवक के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है. आज तक से जुड़े रंजय सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक मामला कानपुर के गुजैनी इलाके का है. जहां साहिल नाम का एक युवक 15 अगस्त को दोस्तों के साथ गदर-2 देखने निकला था.
देर शाम तक साहिल के घर नहीं लौटने के बाद साहिल की पत्नी ने इसकी सूचना पुलिस को दी. जिसके बाद पुलिस ने साहिल का शव बनपुरवा स्थित सड़क पर बरामद किया. मामले को लेकर ADCP अंकिता शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार ने युवक के दोस्तों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है. वहीं पुलिस और फॉरेंसिक टीम साथ मिलकर पूरे मामले की जांच कर रही है.
वीडियो: गुलाम नबी आजाद बोले- पहले हिंदू ही थे मुसलमान, वायरल हुआ बयान

