टशन दिखाने के चक्कर में थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर शराब पीने लगा, तस्वीर वायरल हुई तो...
शराब के साथ टेबल पर चखना का भी इंतजाम था. देखकर लोग दंग रह गए.

फिल्मों में देखा है कैसे अपराधी या रसूखदार लोग थाने में घुसकर पुलिसवालों की बेइज्जती करते हैं. उनको धमकाते हैं, गिरेबान तक पकड़ लेते हैं, मनमानी करते हैं और पुलिसकर्मी देखते रह जाते हैं. ऐसे सीन भी देखे हैं जिनमें पुलिसवाले ही अपराधियों या अपने ताकतवर दोस्तों के साथ मिलकर थाने में गैरकानूनी और ऐसी हरकतें करते मिलते हैं जिससे पुलिस की गरिमा गिरती है. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के एक पुलिस थाने में इसी तरह का फिल्मी सीन हकीकत में बदल गया. यहां एक व्यक्ति थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर शराब पीने लगा. कुछ समय पहले का ये वाकया अब सामने आया है.
थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर पी शराबआजतक से जुड़े अनिल कुमार भारद्वाज की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला सहारनपुर के खाता खीरी थाने का है. यहां के थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर शराब पीने वाले व्यक्ति की पहचान इमरान के रूप में हुई. वायरल फोटो में इमरान थाना प्रभारी सचिन त्यागी की कुर्सी पर बैठा दिख रहा है. सामने टेबल पर रखी बोतल से शराब गिलास में डाल रहा है. शराब के अलावा वहां 'चखना' (शराब के साथ खाने-पीने की चीजे़ं, जैसे चिप्स, चना, नमकीन) का भी पूरा इंतजाम है. साथ में पानी की बोतलें भी रखी हुई हैं.
लोगों ने सुनायाये नजारा देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने अपने-अपने तरीके से प्रतिक्रियाएं दीं. किसी ने इमरान के साथ थाने के पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की तो कोई शायराना अंदाज में व्यंग्य कर गया. कुछ ट्वीट्स देखें. हरि सिंह यादव नाम के यूजर ने सीएम योगी आदित्यनाथ, उनके कार्यालय और यूपी पुलिस को टैग करते हुए कॉमेंट किया,
"ऐसे पुलिस के अधिकारी को बर्खास्त कीजिए जिससे कि पुलिस के बीच एक सख्त मैसेज जाए. इन पुलिस वालों ने ही उत्तर प्रदेश को नर्क बना दिया है."
विराग नाम के यूजर ने शेर पढ़ दिया. लिखा,
"पीने दे शराब मुझे थाने में बैठकर
या वह जगह बता जहाँ ख़ुदा न हो"
वहीं मोहम्मद उस्मान नाम के यूजर ने ट्वीट किया,
"अगर ये फोटो एडिट नहीं है, तो इस नालायक को डबल सज़ा दो. पहली UP पुलिस को बदनाम करने की, दूसरी खुलेआम शराब पीकर नशे को बढ़ावा देने की."
एक और यूजर नितिन सबरंगी ने लिखा,
"चौकी इंचार्ज ने पुलिस मित्र होने का उदाहरण प्रस्तुत किया है, लेकिन मित्रता ज्यादा गहरी हो गई. इसका खेद है. कार्रवाई करके अच्छा किया."
आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक घटना मार्च में होली के समय की है. लेकिन वायरल अब हुई है. इसके बाद सहारनपुर SSP विपिन टाडा ने थाना प्रभारी सचिन त्यागी को सस्पेंड कर दिया. पुलिस ने कुछ दिन पहले आरोपी इमरान को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
वीडियो: ट्रेन में महिला पर पेशाब करने वाले की नौकरी गई, और क्या-क्या हुआ?

.webp?width=60)

