दो सीट वाली बाइक पर 3 नहीं, 4 नहीं, 5 नहीं, 6 नहीं, 7 सूरमा कैसे हुए सवार? वीडियो वायरल
कोई बाइक की टंकी पर तो कोई किसी के कंधे पर बैठा है. पुलिस ने 22 हजार का चालान काटा है.

दो सीटों वाली बाइक पर तीन-चार सवार. मुस्कुराइए, आप इंडिया में हैं. लेकिन एक पट्ठे ने तो इस पहचान को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है. बंदा तीन-चार नहीं, छह लोगों को बिठाकर बाइक दौड़ा रहा था. यानी एक बाइक पर टोटल 7 लोग. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आप ये सोच रहे होंगे 7 लोगों के बैठने के लिए तो कार होती है. लेकिन हम कहेंगे कि एक भारतीय होने के नाते आपका ऐसा सोचना ही शर्म की बात है.
लेकिन ये 7 लोग बाइक पर बैठे कैसे? ये आप वीडियो में देख सकते हैं. इसको सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने शेयर किया है. लेकिन हमने रजनी सिंह नाम की यूजर के X अकाउंट पर ये वीडियो देखा. इसमें आप एक स्प्लेंडर बाइक पर 7 सूरमाओं को सवारी करते देख सकते हैं. कोई बाइक की टंकी पर चढ़ा है तो कोई किसी के कंधे पर बैठा है. सभी गाइज एडवेंचर प्रेमी हैं, सो किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना हुआ है. इसी बीच बाइक के पीछे से एक कार गुजरती है और उसी कार में से किसी ने इनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया. इसे शेयर करते हुए रजनी ने लिखा,
“एक बाइक पर सात सवार, वायरल वीडियो हापुड़ की है!”
आजतक से जुड़े देवेंद्र शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक वीडियो हापुड़ जनपद के गांव काठी खेड़ा मार्ग के हाईवे की है. इसके वायरल होने के बाद पुलिस ने युवकों की फ़ोटो और चालान के साथ ट्वीट किया,
“थाना हापुड़ देहात क्षेत्रांतर्गत एक बाइक पर 7 युवक/बच्चे सवार होकर हुड़दंग/स्टंट करते हुए बाइक चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसका हापुड़ पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए उक्त बाइक का 22,000/- रुपए का चालान किया गया. फिर बाइक को सीज किया गया है.”
हापुड़ एसपी अभिषेक वर्मा ने जिले के लोगों से अपील की है कि ऐसा कोई कृत्य ना करें जो नियम-कानून के विरुद्ध हो.
इधर वायरल वीडियो पर लोग भी कॉमेंट्स कर रहे हैं. उदय नाम के यूजर ने लिखा,
“महंगाई के मारे. बेचारे ऑटो अफोर्ड नहीं कर सकते तो दोस्त ने दोस्ती निभा दी.”
रमा नाम के यूजर ने लिखा,
“इन सभी लापरवाह और निकम्मे लोगों को सलाखों के पीछे डालो ताकि दूसरों को सबक मिले!”
वैसे पुलिस ने 22,000 का जो चालान काटा है उसे भरने से बेहतर होता ये युवक इतने की ही डाउन पेमेंट करके नई बाइक ले लेते.
वीडियो: बाइक टैक्सी बैन, जुर्माने की राशि जानकर ओला, ऊबर और रैपिडो वाले दिल्ली में पंगा नहीं लेंगे!

