The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Uttarakhand Rain Dehradun raipur block cloud burst maldevta bridge sdrf rescue operation

उत्तराखंड में बारिश की तबाही से 3 की मौत, देहरादून में बीच से टूट गया पुल

देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर के पास बहने वाली तमसा नदी भी उफान पर है. मंदिर के पास बाढ़ जैसे हालात.

Advertisement
pic
20 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 20 अगस्त 2022, 02:10 PM IST)
Uttarakhand Rain
दाएं से बाएं: सोंग नदी का टूटा हुआ पुल, टपकेश्वर महदेव मंदिर में घुसा पानी (साभार- सोशल मीडिया, ANI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

उत्तराखंड (Uttarakhand Rain) में शुक्रवार से हो रही भारी बारिश के चलते तबाही की खबरें आ रही हैं. देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, बागेश्वर, चंपावत और अन्य जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. खबरों के मुताबिक भारी बारिश की तबाही से ऊधमपुर में दो बच्चों की मौत हो गई है, जबकि पौड़ी गढ़वाल में एक 72 साल की महिला की मौत की खबर सामने आई है.

इसके अलावा देहरादून के रायपुर ब्लॉक में शनिवार, 20 अगस्त की सुबह बादल फट गया. रेस्क्यू के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची. रायपुर ब्लॉक में बादल फटने के बाद मौके पर पहुंचे राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ने बताया,

"रायपुर ब्लॉक के सरखेत गांव में स्थानीय लोगों ने सुबह 2 बजकर 45 मिनट पर बादल फटने की घटना की सूचना दी. SDRF टीम तुरंत मौके पर पहुंची. गांव में फंसे सभी लोगों को बचा लिया गया है, जबकि कुछ लोग बाढ़ से बचने के लिए एक रिसॉर्ट में हैं. वहीं थानो -रायपुर रोड के बीच में पुल टूटने से एक व्यक्ति के फंसे होने की जानकारी टीम को मिली थी. जिसके बाद टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवक को बचा लिया है."

सोंग नदी का पुल बहा

देहरादून के मालदेवता इलाके में सोंग नदी उफान पर है, इसके चलते नदी किनारे बने कई रेस्टोरेंटों और मकानों में पानी भर गया है. वहीं सौंग नदी पर बना पुल भी बह गया, यह पुल शहर को जॉली ग्रांट एयरपोर्ट को जोड़ता है. पुल स्थानीय लोगों के बीच सेल्फी प्वॉइंट के तौर पर भी फेमस है.

बारिश से हुई तबाही के बाद जारी बचाव अभियान को लेकर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ANI को बताया,

"हमारी आपदा प्रबंधन टीम, SDRF की टीमें और प्रशासन के अन्य अधिकारी उन इलाकों में पहुंच गए हैं जहां रात भर भारी बारिश से तबाही हुई है. मैं भी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान का निरीक्षण करने की कोशिश कर रहा हूं."  

टपकेश्वर महादेव मंदिर में पानी घुसा

इसके अलावा देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर के पास बहने वाली तमसा नदी भी उफान पर है, जिसकी वजह से मंदिर के पास बाढ़ जैसे हालात हो गए. टपकेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी दिगंबर भरत गिरि ने ANI को बताया,

“मंदिर में पानी पूरी ताकत से घुसा. हम प्रार्थना करते हैं कि कोई जान-माल का नुकसान न हो. नदी पर एक पुल था जो पूरी तरह से तबाह हो गया है.”

भारी बारिश के बीच देहरादून में रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर देहरादून SDRF के कमांडेंट मणिकांत मिश्रा ने बताया कि कई इलाकों में पानी घुसने और सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है. SDRF और NDRF राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं.

वीडियो: असम: बाढ़ से खेत तालाब बने, लेकिन मछलियां गायब हो गईं!

Advertisement

Advertisement

()