यूपी: स्कूटी से घर जा रही महिला को ट्रक ने मारी टक्कर, 3 KM तक घसीटा, मौत
पुलिस ने बताया कि महिला की गाड़ी ट्रक में फंस गई थी, जिससे आग लग गई.

दिल्ली में कार से घसीटते हुए अंजलि की मौत (Delhi Kanjhawala case) का मामला अभी शांत नहीं हुआ है. इस बीच इसी तरह की एक भयावह घटना उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बांदा से सामने आई है. बांदा (Banda) में एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी से जा रही एक महिला को टक्कर मार दी. ऐसा बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद भी ट्रक रुकी नहीं और आगे 3 किलोमीटर तक महिला को घसीटते गई. इसके बाद ट्रक में अचानक आग लग गई.
पोस्टमार्टम के लिए भेजी गई महिला की लाशआज तक के सिद्धार्थ गुप्ता की रिपोर्ट के मुताबिक ये हादसा बांदा के मवई बुजुर्ग गांव का है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. फायर ब्रिगेड की गाड़ी आई और ट्रक में लगी आग को बुझाया गया. हालांकि, ट्रक से टक्कर खाने वाली महिला की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक महिला की स्कूटी भी जलकर खाक हो गई. पुलिस ने ट्रक के नीचे फंसी महिला की लाश को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. महिला लखनऊ की रहने वाली थी.
ये भी पढ़ें- पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने दिल्ली केस के क्या राज खोले?
बांदा के एडिशनल एसपी (ASP) लक्ष्मी निवास मिश्रा ने बताया कि मृतक महिला पुष्पा देवी बांदा की एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में नौकरी करती थीं. वो यूनिवर्सिटी में क्लर्क थीं. महिला को उनके पति की मौत के बाद ये नौकरी मिली थी. महिला बुधवार, 4 जनवरी को यूनिवर्सिटी से घर लौट रही थीं, इस दौरान एक्सीडेंट हो गया.
टक्कर के बाद ट्रक में आग कैसे लगी?ASP ने आगे बताया कि महिला की गाड़ी ट्रक में फंस गई थी, जिससे आग लग गई. ट्रक ड्राइवर अभी गिरफ्तार नहीं हुआ है. वहीं महिला को घसीटने के सवाल पर ASP ने कहा कि इस बात की जांच की जा रही है.
वहीं महिला क्लर्क की मौत के बाद यूनिवर्सिटी के सैकड़ों छात्रों ने नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी. पुलिस ने छात्रों को समझा कर जाम खत्म कराया. प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग थी कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर और लाइट की व्यवस्था कराई जाए. इस दौरान मौके पर बांदा की SDM सुरभि शर्मा ने बताया कि यूनिवर्सिटी के बच्चों ने जाम लगा दिया था. SDM ने बताया कि छात्रों की मांग पर काम करने के लिए बोला गया है.
वीडियो: दिल्ली केस अपडेट: बीजेपी नेता समेत पांचों आरोपी उस रात क्या-क्या कर रहे थे?

