तारों में फंसी चील को बचाने के लिए मशीन बुलाई, मशीन खुद फंस गई!
चील उड़ी, मशीन फंसी!

मारने वाले से बचाने वाला हमेशा बड़ा होता है. हालांकि अगर बचाने वाला आकार में बड़ा हो तो कई बार खुद ऐसी स्थिति में फंस जाता है कि फिर उसे बचाने वाला बुलाना पड़ता है. ऐसा ही कुछ उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh Viral Video) में हुआ है. उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक वीडियो (Meerut Viral News Video) सामने आया है. यहां एक चील को बचाने के लिए बुलाई गई हाइड्रोलिक मशीन चील को बचाने के बाद खुद फंस गई. कैसे फंसी, आपको बताते हैं.
दरअसल मेरठ में एक चील पेड़ में फंस गई थी. आईजी ऑफिस के पास पेड़ों के बीच गुजरते बिजली के तारों पर अटके चाइनीज मांझे में एक चील फंस गई. किसी ने इसकी जानकारी फायर सर्विस को दी. फायर सर्विस की टीम एक हेवी हाइड्रोलिक प्लेटफार्म मशीन लेकर आई. एक बंदा मशीन के सहारे ऊपर गया और चील को निकाला. ये ऑपरेशन करीब 45 मिनट तक चला. आखिरकार चील को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया. पहले आप भी ये वायरल वीडियो देखिए…
अब आया असली ट्विस्ट. तारों में फंसी चील को तो निकाल लिया गया लेकिन वो हाइड्रोलिक प्लेटफार्म मशीन खुद पेड़ों में फंस गई. चील को बचाने के लिए एक कर्मी मशीन के सहारे 40 फीट ऊंचे पेड़ तक पहुंचा था. अब वो वहीं फंसा रहा. बंदा करीब 2.5 घंटे तक हवा में मशीन के सहारे लटका रहा. क्रेन वापस नीचे ही नहीं आ रही थी.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ऑपरेशन के दौरान मशीन का हाइड्रोलिक सिस्टम खराब हो गया था. इसकी वजह से मशीन के सेंसर ने काम करना बंद कर दिया. घटना सिविल लाइन थाने इलाके का है. मशीन अटकने के चलते ऊपर बैठा कर्मचारी भी अटका रहा. इसके बाद हेवी जैक लगाकर इस मशीन को निकाला गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चल रहा है और लोग इस पर अलग-अलग कैप्शन दे रहे हैं. वैसे आपका इस पूरे मामले पर क्या मानना है? हमें कॉमेंट करके बताइए और ऐसी ही वायरल खबरों के लिए पढ़ते रहिए द लल्लनटॉप.
बेगानी शादी में घुसकर खाना खाया, लड़के ने हकीकत बता दी

