The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Uttar Pradesh Excise minister of State Nitin Agrawal and Samajwadi Party spar on Twitter

सपा और योगी के मंत्री ट्विटर पर भिड़े, अखिलेश को बताया औरंगजेब, जवाब मिला- ठर्रा नरेश पुत्र

खूब छीछालेदर हुई. दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर व्यक्तिगत हमले करने का आरोप लगाया.

Advertisement
pic
26 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 26 अगस्त 2022, 04:05 PM IST)
Nitin Agrawal and Akhilesh Yadav
नितिन अग्रवाल और अखिलेश यादव (फाइल फोटो: फेसबुक और आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार (Yogi Government) में आबकारी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल (Nitin Agarwal) और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) की मीडिया सेल के बीच गुरुवार, 25 अगस्त को जमकर जुबानी जंग देखी गई. ट्विटर पर नितिन अग्रवाल ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को औरंगजेब और 'अपने पिता का अपमान करने' वाला बताया. दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने नितिन के पिता नरेश अग्रवाल को 'ठर्रा नरेश' कह दिया.

ऐसे शुरू हुई ट्विटर पर जंग

इस जुबानी जंग की शुरुआत बुधवार, 24 अगस्त को नितिन अग्रवाल के उस बयान से हुई, जिसमें उन्होंने बसपा अध्यक्ष मायावती के बयान का समर्थन करते हुए मीडिया से बातचीत में कहा था, 

यह सही बात है कि समाजवादी पार्टी गुंडों और माफिया को  संरक्षण देती चली आई है, दे रही है. यह अब सपा का संस्कार और कल्चर हो गया है कि समाजवादी पार्टी का नाम अगर कहीं आता है तो स्वाभाविक रूप से गुंडे और माफिया की तस्वीर सामने आ जाती है.

नितिन अग्रवाल पर पलटवार करते हुए सपा मीडिया सेल ने ट्वीट किया था,

सुनो नितिन अग्रवाल! जिस विभाग के मंत्री हो, उसके हिसाब से कच्ची पक्की देसी पीकर टुन्न होकर बयानबाजी कर रहे हो क्या? हे मौसम विज्ञानी सुरा प्रभाव में दिन भर रहने वाले नरेश पुत्र! ये तुम्हारा ही बयान है, इस बयान के हिसाब से गुंडों को संरक्षण देने वाले तो तुम हुए.

सपा के इस ट्वीट के साथ विधानसभा उपाध्यक्ष रहते नितिन अग्रवाल के उस बयान को शेयर किया गया, जिसमें वो पुलिस से कच्ची शराब वालों के घर में ना घुसने की बात कह रहे हैं. उन्होंने कहा था कि शिकायत आई तो कुछ करना पड़ेगा.

'समाजवाद के नाम पर औरंगजेब है अखिलेश'

इसके जवाब में नितिन ने गुरुवार, 25 अगस्त की दोपहर ट्वीट किया,

जिस पार्टी के मुखिया को औरंगजेब कहा जाता हो, जो स्वयं औरंगजेब की तरह जाने किस विदेशी नशे में चूर होकर जगह-जगह पर अपने आदरणीय पिताजी का अनादर करते आए हों, उनसे और उनकी पार्टी से हम इसी तरह की भाषा की उम्मीद करते हैं. जो अपने पिता का न हो पाया, वो जनता का क्या होगा.

इसके बाद उन्होंने ट्वीट किया,

पिताजी को बेइज्जत किया, चचा को दिया संदेश, समाजवाद के नाम पर औरंगजेब है अखिलेश.

सपा का जवाब

इसके बाद सपा की मीडिया सेल ने नितिन और उनके पिता पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल के खिलाफ एक के बाद एक ताबड़तोड़ कई ट्वीट किए.

एक ट्वीट में कहा गया,

सुनो नितिन अग्रवाल, तुम पिताजी की तो बात ही मत करो. तुम्हारे पिताजी अपने पिताजी को धोखा देकर दिल्ली से टिकट ले आए थे, ये हरदोई में सार्वजनिक है, रही बात तुम्हारी, जिन, व्हिस्की, रम के ज्ञाता तुम्हारे मौसम विज्ञानी पिताजी ने तुम्हें अपने सुरा मन मुताबिक विभाग दिलवाया है?

एक अन्य ट्वीट में नितिन के पिता नरेश अग्रवाल का एक वीडियो शेयर करते हुए कहा,

ओ ठर्रा नरेश पुत्र, ये तुम्हारे ही सुराप्रेमी डैडी जी हैं ना? तुम भी इन्हीं की तरह दिन में ही देसी कच्ची पक्की 2-4 पैग मारकर अपने विभाग में टुन्न रहते हो क्या? तुम्हारे पिताजी को संसद में सुरा के नशे में शराबों में भगवान दिखते थे, तुम्हें हर जगह नेता विपक्ष दिखते हैं.

वीडियो में नरेश अग्रवाल को राज्य सभा में यह कहते सुना जा सकता है, 

व्हिस्की में विष्णु बसें, रम में श्रीराम, जिन में माता जानकी और ठर्रे में हनुमान. सियावर रामचंद्र की जय.

बता दें कि नरेश अग्रवाल का ये बयान साल 2017 का है, जब वे समाजवादी पार्टी के ही राज्यसभा सदस्य थे.

नितिन पर हमला जारी रखते हुए सपा की मीडिया सेल ने एक और ट्वीट किया,

जितना बोलोगे उतना करारा जवाब मिलेगा, तीन पीढ़ी से लेकर तुम्हारी वर्तमान पीढ़ी तक के कारनामों का हिसाब मिलेगा, तुम्हारे चाचा, ताऊ और पिताजी के राजनीतिक कारनामों तक का करारा हिसाब और करारा जवाब मिलेगा, ये अभी सिर्फ छोटा सा ट्रेलर है.

इसके बाद एक और ट्वीट किया,

दारू में जिसे भगवान दिखे, वो है ठर्रानरेश, दारूमंत्री जिसका लड़का, वो है रम, व्हिस्की, जिन प्रेमी ठर्रा नरेश!

‘निजी हमला सपा ने शुरू किया, मैंने नहीं’

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक इस पूरे विवाद पर नितिन अग्रवाल ने कहा,

मैंने इसे शुरू नहीं किया (ट्विटर पर विवाद). सपा के मीडिया सेल के ट्विटर हैंडल ने सबसे पहले मुझपर निजी हमला किया. वे पहले भी ऐसा करते रहे हैं. इसलिए मेरे लिए रिएक्ट करना जरूरी हो गया. वे (समाजवादी पार्टी) नहीं जानते कि मुद्दों पर कैसे लड़ना है और यही कारण है कि वे इस तरह व्यक्तिगत हमलों पर आ जाते हैं.

नितिन और उनके पिता पर पार्टी के मीडिया सेल के ट्वीट का बचाव करते हुए, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अब्दुल हाफिज गांधी ने कहा,

हम ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करते हैं. लेकिन जब कोई हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर व्यक्तिगत हमला करता है, तो कार्यकर्ता नाराज हो जाते हैं और वे जवाब देते हैं.

अब्दुल हाफिज ने कहा कि नितिन अग्रवाल को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष पर व्यक्तिगत हमले करने के बजाए अपनी नीतियों पर अधिक ध्यान देना चाहिए.

वीडियो- मायावती ने अखिलेश यादव को सपा का ‘डराने’ वाला भविष्य बता दिया!

Advertisement

Advertisement

()