'हम समुद्री लुटेरे...', अमेरिका की नेवी का बखान करते ये क्या बोल गए डॉनल्ड ट्रंप?
ईरानी बंदरगाहों से निकलने के बाद कुछ जहाजों को अमेरिका ने जब्त कर लिया है. इनके साथ ही, एशियाई पानी में मौजूद कुछ और प्रतिबंधित कंटेनर जहाजों और ईरानी टैंकरों को भी जब्त किया गया है.

समुद्र में जाते समय जहाज का कप्तान दो चीजों से सबसे ज्यादा डरता है. एक खतरनाक तूफान से. दूसरा समुद्री लुटेरों या डाकुओं (Pirates) से. लेकिन क्या हो अगर दुनिया का सबसे ताकतवर माना जाने वाला देश खुद को ‘समुद्री लूटेरा’ बताने लगे. बात अमेरिका की हो रही है. उसके जंगी जहाज भी ‘Pirates’ बनने की राह पर बढ़ चले हैं. ऐसा कोई और नहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप खुद कह रहे हैं. अपनी नेवी का बखान करते हुए ट्रंप ने कहा कि वो बिल्कुल Pirates की तरह काम कर रहे हैं.
रॉयटर्स के मुताबिक, ट्रंप कुछ दिन पहले अमेरिकी नौसेना के एक जहाज को जब्त किए जाने का जिक्र कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कहा,
Iranian Vessels को जब्त कर रही US Navyहमने जहाज पर कब्जा कर लिया. हमने माल पर कब्जा कर लिया. हमने तेल पर कब्जा कर लिया. यह बहुत फायदेमंद धंधा है. हम समुद्री लुटेरों जैसे हैं. हम एक तरह से समुद्री लुटेरों जैसे ही हैं लेकिन हम कोई खेल नहीं खेल रहे हैं.
ईरानी बंदरगाहों से निकलने के बाद कुछ जहाजों को अमेरिका ने जब्त कर लिया है. इनके साथ ही एशियाई पानी में मौजूद कुछ और प्रतिबंधित कंटेनर जहाजों और ईरानी टैंकरों को भी जब्त किया गया है. जंग शुरू होने के बाद से ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले लगभग सभी जहाजों को रोक दिया है. लेकिन उसने अपने जहाजों को नहीं रोका. दूसरी तरफ ट्रंप ने ईरानी बंदरगाहों पर अलग से भी नाकेबंदी लगाई हुई है.
ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमलों और लेबनान में इजरायल के हमलों के कारण हजारों लोग मारे जा चुके हैं. इसके अलावा लाखों लोग विस्थापित हुए हैं. इस युद्ध के कारण तेल की कीमतें बढ़ गई हैं. वजह है कि होर्मुज से दुनिया भर में होने वाली तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) की लगभग 20% शिपमेंट यहीं से गुजरती है. यही वजह है कि इस जंग से लगभग हर वो देश प्रभावित हो रहा है जिसका तेल या कोई भी सामान होर्मुज से होकर आता है. और प्रेसिडेंट ट्रंप का ये कहना कि वो Pirates हैं, और भी अनिश्चितता पैदा करता है.
वीडियो: दुनियादारी: नाटो के वजूद पर उठने लगे सवाल, ईरान जंग ने सब बदल दिया?

