अमेरिका: पिता ने अपने ही 7 बच्चों को उतारा मौत के घाट, एनकाउंटर में खुद भी मारा गया
America Mass Shooting: अमेरिका में एक शख्स पर अपने ही सात बच्चों समेत कुल आठ बच्चों की हत्या का आरोप लगा है. मरने वाले सारे बच्चों की उम्र एक से ग्यारह साल के बीच है. पुलिस एनकाउंटर में आरोपी की भी मौत हो गई. बताया गया कि घरेलू हिंसा की वजह से ये घटना हुई.

अमेरिका के लुइसियाना में मास शूटिंग की घटना से हड़कंप मच गया है। एक शख्स ने कुल आठ बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी. इनमें से सात उसके अपने बच्चे थे. मरने वाले सारे बच्चों की उम्र एक से ग्यारह साल के बीच बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी का पीछा किया और गोली चलाई. फायरिंग में आरोपी की भी मौत हो गई है. पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड से पहले आरोपी का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था. अब तक की जांच में मामला घरेलू कलह का नजर आ रहा है.
घटना 19 अप्रैल को अमेरिका के लुइसियाना राज्य के श्रेवेपोर्ट शहर में हुई. आरोपी का नाम एल्किंस बताया जा रहा है. गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक, क्राइम अलग-अलग लोकेशंस पर हुआ है. शुरूआती जांच में सामने आया कि आरोपी ने 10 लोगों पर गोली चलाई थी. 8 बच्चों पर और दो महिलाओं पर फायरिंग की थी. पुलिस ने बताया कि इनमें से एक एल्किंस की पत्नी है जिससे उसके चार बच्चे हैं. दूसरी महिला से उसके तीन बच्चे हैं. फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है.
19 अप्रैल की सुबह 6 बजे एल्किंस का उसकी पत्नी से झगड़ा हो गया. पुलिस ने बताया कि दोनों में लंबे वक़्त से विवाद था, लेकिन उस दिन विवाद ज़्यादा बढ़ गया. आरोप है कि गुस्से में एल्किंस ने बंदूक उठाई और सबसे पहले अपनी पत्नी पर चला दी. इसके बाद जिस घर में उसके बच्चे थे, वहां गया और ताबड़तोड़ फायरिंग की.
रिपोर्ट के मुताबिक़, घटना के वक्त मृतकों में से कुछ बच्चे सो रहे थे, तब आरोपी ने उनके ऊपर गोली चला दी. फिर वो छत की तरफ गया. दो बच्चे भागने की कोशिश कर रहे थे. एल्किंस ने एक की गोली मारकर हत्या कर दी. जबकि दूसरा बच्चा छत से कूद गया था, जिसे बचा लिया गया है. एल्किंस ने घर पर दूसरी महिला पर भी गोली चलाई. इसके बाद घर से बाहर सड़क की तरफ गया. रास्ते में एक शख्स की कार छीनी और भागने की कोशिश की. तभी पुलिस ने उसका पीछा किया और पुलिस फायरिंग में एलिंक्स की मौत हो गई.
घायल महिला की कजिन क्रिस्टल ब्राउन ने बताया कि आरोपी का उसकी पत्नी से काफी समय से विवाद चल रहा था और दोनों अलग होने वाले थे. उन्होंने कहा,
'उसने अपने बच्चों की हत्या कर दी. उसने अपनी पत्नी और दूसरी महिला दोनों को गोली मार दी. हमले के समय सभी बच्चे एक ही घर में थे.'
श्रेवेपोर्ट पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस एलिंक्स को पहले से जानती थी.2019 में उसे हथियारों से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था. लेकिन अधिकारियों को घरेलू हिंसा की जानकारी नहीं थी.
इस घटना पर श्रेवेपोर्ट के मेयर टॉम आर्सेनो ने भी चिंता जाहिर की है. उन्होंने बताया कि शहर में करीब एक लाख 80 हज़ार लोग रहते हैं. स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कई सालों में शहर में हुई सबसे भयावह घटना है. फिलहाल 8 बच्चों की हत्या का कारण पत्नी से बहस बताया जा रहा है. लेकिन किस बात से आरोपी ट्रिगर हुआ, उसकी जांच की जा रही है.
वीडियो: अमेरिका के स्कूल में मास शूटिंग, 4 की मौत


