'ईरान की 10 पॉइंट वाली चिट्ठी ट्रंप ने कूड़े में फेंकी... ', अब उपराष्ट्रपति ने आकर सफाई दी
अमेरिका के उपराष्ट्रपति JD Vance ने कहा कि Iran का पहला प्रस्ताव तुरंत खारिज कर दिया गया और उसे कचरे में फेंक दिया गया. यही बात वाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने भी कही. इस मसले पर पूरी बात भी बताई गई है.

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने दावा किया है कि ईरान ने अपने प्रस्ताव के तीन अलग-अलग मसौदे भेजे थे, जिनमें से पहला शायद चैटजीपीटी से लिखा गया था. वेंस ने कहा कि पहला प्रस्ताव तुरंत खारिज कर दिया गया और उसे कचरे में फेंक दिया गया. यही बात वाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट (Karoline Leavitt) ने भी कही. लेविट ने यह भी कहा कि ईरान ने ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ फिर से खोलने पर सहमति जताई है.
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच सीजफायर समझौते को अभी 24 घंटे भी नहीं हुए और फिर से पश्चिमी एशिया में धमाके शुरू हो गए हैं. इजरायल ने लेबनान में कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए. जवाब में ईरान ने भी ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज’ फिर से बंद कर दिया. अब वाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने दावा किया कि ईरान ने ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ खुला रखने पर सहमति दे दी है.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने बताया कि ईरान ने शुरुआत में जो 10 प्वाइंट का प्रस्ताव दिया था वो मंजूर नहीं है, इसलिए ट्रंप और उनकी नेगोशिएशन टीम ने उस प्रस्ताव को कूड़ेदान में फेंक दिया. लेविट के मुताबिक, उन्हें ईरान की तरफ से एक और प्रस्ताव मिला है, जो बातचीत करने के लायक है.
ये भी पढ़ें: 'पाकिस्तान पर भरोसा नहीं, यूएस ने तो सिर्फ इसलिए... ', सीजफायर से नाराज इजरायल ने अब सब बताया
'ChatGpt से लिखा था प्रस्ताव'
अमेरिका के वाइस प्रेसिडेंट जेडी वेंस ने दावा किया है कि ईरान ने अपने 10-पॉइंट प्रपोजल के तीन वर्जन भेजे थे, जिनमें से पहला शायद ChatGPT ने लिखा था. रिपोर्ट के मुताबिक, वेंस ने कहा कि ईरान के तीन अलग-अलग प्रस्तावों से इस बात को लेकर कन्फ्यूजन पैदा हो गया है कि बातचीत का आधार क्या होगा. उन्होंने कहा,
“पहला 10-सूत्रीय प्रस्ताव ऐसा था जिसे पेश किया गया था, और हमें लगता है कि शायद उसे ChatGPT ने लिखा था. उसे स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर को सौंपा गया था, जिसे तुरंत कूड़ेदान में फेंक दिया गया और खारिज कर दिया गया.”
जेडी वेंस ने आगे कहा,
“एक दूसरा 10-सूत्रीय प्रस्ताव भी था जो कहीं ज्यादा सही और तर्कसंगत था. यह हमारे, पाकिस्तानियों और ईरानियों के बीच हुई कुछ आपसी बातचीत पर आधारित था. यही वह 10-सूत्रीय प्रस्ताव है जिसका जिक्र राष्ट्रपति ने कल अपने ‘ट्रुथ’ पोस्ट में किया था.”
उन्होंने कहा कि प्रस्ताव का तीसरा वर्जन तो पहले वाले से भी कहीं ज्यादा ‘अतिवादी’ (Maximalist) था. साथ ही यह भी बताया कि उन्हें उस दस्तावेज के बारे में सोशल मीडिया के जरिए पता चला. वेंस ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया कि ईरान ने कोई बड़ी जीत हासिल कर ली है.
वीडियो: राजधानी: पाकिस्तान ने ईरान-अमेरिका में सीजफायर कराया, भारत पर क्या असर पड़ेगा?

