The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • US Defence Secretary Hegseth broker tried to buy defense fund before iran war

पीट हेगसेथ के ब्रोकर को पता था ईरान युद्ध होगा, डिफेंस कंपनियों में मोटा पैसा लगाने की कोशिश की

डॉनल्ड ट्रंप ईरान के साथ युद्ध को लेकर फंसते नजर आ रहे हैं. ट्रंप जहां इससे जल्दी से जल्दी बाहर निकलने की कवायद में है. वहीं दूसरी तरफ उनकी सरकार अंदरूनी मोर्चे पर भी घिरती हुई नजर आ रही है. हाल में आई एक मीडिया रिपोर्ट ने ट्रंप प्रशासन की परेशानी बढ़ा दी है, जिसमें दावा किया गया है कि उनके विदेश मंत्री के करीबी लोग ईरान युद्ध से पहले अरबों डॉलर के खेल करने की कोशिश में थे.

Advertisement
pic
31 मार्च 2026 (अपडेटेड: 31 मार्च 2026, 11:14 PM IST)
US Defence Secretary Hegseth defense deal iran
पेंटागन ने पीट हेगसेथ पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है. (Getty Images)
Quick AI Highlights
Click here to view more

अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था. तब से युद्ध जारी है. लड़ाई थमने के संकेत भी नहीं हैं. इस बीच आई एक मीडिया रिपोर्ट पर बवाल हो गया है. इसमें बताया गया है कि ईरान पर अमेरिकी हमले से पहले बड़ा खेल होने वाला था. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को रिप्रेजेंट करने वाले एक ब्रोकर ने युद्ध से पहले डिफेंस कंपनियों में बड़े निवेश की कोशिश की थी.

हालांकि अमेरिकी रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने एक्स पर एक पोस्ट करके इन आरोपों को पूरी तरह से झूठ और मनगढ़ंत कहानी बताया है. उन्होंने इन आरोपों को वापस लेने की मांग भी की है. फाइनेंशियल टाइम्स ने 30 मार्च को इस डील के बारे में जानकारी रखने वाले तीन लोगों के हवाले से रिपोर्ट की है. 

FT की रिपोर्ट के मुताबिक, मॉर्गन स्टेनली में काम कर रहे हेगसेथ के ब्रोकर ने फरवरी में ब्लैक रॉक फर्म से संपर्क किया था. यानी अमेरिकी हमले से कुछ दिन पहले. ब्लैक रॉक एक एसेट मैनेजमेंट कंपनी है, जोकि एप्पल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियों में प्रमुख निवेशक है. दावा है कि हेगसेथ के ब्रोकर ने ब्लैकरॉक के डिफेंस इंडस्ट्रियल्स एक्टिव ईटीएफ (एक्सचेंज ट्रेडेड फंड या ETF) में करोड़ों डॉलर के निवेश के लिए संपर्क किया था.

लेकिन अमेरिकी डिफेंस मिनिस्टर पीट हेगसेथ के ब्रोकर की बात बन नहीं पाई. क्योंकि पिछले साल मई में लॉन्च किया गया ETF का फंड उस समय मॉर्गन स्टैनली के क्लाइंट्स के खरीदने के लिए उपलब्ध नहीं था. एफटी ने अपनी रिपोर्ट में ये नहीं बताया है कि हेगसेथ की ओर से निवेश करने के लिए ब्रोकर को कितनी छूट मिली थी. या फिर हेगसेथ को अपने ब्रोकर की एक्टिविटी के बारे में पता था या नहीं. 

ब्लैक रॉक ने इस रिपोर्ट पर किसी भी तरह के कमेंट से इनकार कर दिया है. वहीं मॉर्गन स्टेनली ने भी इसे लेकर अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है. पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने बताया,

न तो डिफेंस सेक्रेटरी हेगसेथ और न ही उनके किसी प्रतिनिधि ने इस तरह के किसी निवेश को लेकर ब्लैक रॉक से संपर्क किया था.

डॉनल्ड ट्रंप के बड़े नीतिगत फैसलों से पहले फाइनेंशियल मार्केट और प्रेडिक्शन मार्केट में किए गए निवेश जांच के दायरे में हैं. इनमें से कुछ फैसलों से पहले योजना बना कर निवेश करने या शेयर खरीदने के मामले सामने आए हैं. इससे ये सवाल भी उठे हैं कि क्या ईरान पर हमले की जानकारी समय से पहले लीक हो गई थी.

वीडियो: ईरान ने जंग में अमेरिका की कमर तोड़ दी, अब और पैसा कहां से लाएंगे ट्रंप?

Advertisement

Advertisement

()