UP के मंत्री की पैर दबवाते तस्वीर वायरल, लोग बोले- हक़ दिलाते मंत्री जी!
Sanjay Nishad कुछ दिन पहले खुद की आरती उतरवा रहे थे और अब...

यूपी सरकार के मंत्री डॉ. संजय निषाद (Sanjay Nishad) एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हैं. वजह है उनकी एक तस्वीर. इस तस्वीर में मंत्री जी अपने कार्यकर्ताओं से पैर दबवाते नज़र आ रहे हैं. वो भी दोनों पैर, दो कार्यकर्ताओं से. निषाद पार्टी के अध्यक्ष और यूपी में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद की ये कोई पहली तस्वीर नहीं है जो वायरल है. इससे पहले मंत्री जी का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें मंत्री जी अपने कार्यकर्ताओं से अपनी आरती उतरवा रहे थे.

सोशल मीडिया पर वायरल इस तस्वीर में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद एक कुर्सी पर बैठे हैं. मंत्री जी के दोनों पैर सामने टेबल पर रखे हुए हैं. हाथ में मोबाइल लेकर मंत्री जी आराम की मुद्रा में हैं. जिस टेबल पर मंत्री जी ने पैर रखे हैं, उस टेबल के अगल बगल दो कार्यकर्ता ज़मीन पर बाकायदा निषाद पार्टी की टोपी लगाए बैठे हैं. दोनों अपने दोनों हाथों से मंत्री के पैर दबा रहे हैं. एक कार्यकर्ता मंत्री जी के पीछे सेवक की मुद्रा में खड़ा है. पैर दबा रहे कार्यकर्ताओं को ध्यान से देखें तो ऐसा लग रहा जैसे सेवा के साथ साथ फोटोशूट भी चल रहा है.
पहले करवाई थी आरतीनिषादों को अनुसूचित जाति का आरक्षण दिलाने के नाम पर निषाद पार्टी बनाने वाले निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद इससे पहले अपनी आरती उतरवाने की वजह से वायरल हो चुके हैं. जून महीने में गुरु पूर्णिमा के दिन मंत्री जी गुरु बन कर गले में फूलों की माला पहने दिखाई दिए थे. शिष्य रूपी कार्यकर्ता हाथों में थाली लिए मंत्री जी की आरती कर रहे थे. आरती के साथ-साथ मंत्री जी के लिए आरती गाई भी जा रही थी. वीडियो वायरल होने पर मंत्री जी ने कहा था कि वो निषादराज के वंशज हैं और कार्यकर्ता उन्हें गुरु मान कर उनकी आरती कर रहे हैं.
कांग्रेस ने किया तंजडॉ. संजय निषाद (Sanjay Nishad) की वायरल तस्वीर पर यूपी कांग्रेस ने ट्वीट कर तंज किया है. ट्वीट में कांग्रेस ने लिखा - पहचान तो रहे ही होंगे इन्हें आप! मंत्री संजय निषाद. कार्यकर्ताओं से पांव दबवाकर फोटोशूट करवा रहे हैं. ये आये थे निषादों का भला करने के नाम पर. मगर, सत्ता की हवा ऐसी लगी कि इनकी आंख का सारा पानी ही सूख गया.
कांग्रेस के अलावा कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने भी मंत्री जी पर टिप्पणी की है. एक यूजर ने लिखा है कि सामंतवाद से लड़ने का दावा करने वाले नेताजी के सामंती ठाठ. भारत के छोटे शहरों और गांवों में नेताओं की यही ठसक बरकरार है तो चिंता की बात है. एक अकाउंट यूजर ने तस्वीर पर कटाक्ष करते हुए लिखा है कि 'निषाद समाज के लोगों को उनका वाजिब हक़ दिलाते मंत्री जी'. खैर आपका इस फोटो पर क्या सोचना है, हमें कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं.
वीडियो: जमघट: यूपी चुनाव 2022 से पहले संजय निषाद का खास इंटरव्यू

