UP: MBBS छात्र की खून से सनी लाश मिली, पिता ने बताया किसने मारा, कुछ घंटे पहले क्या बात हुई थी?
उत्तर प्रदेश के कानपुर में रामा यूनिवर्सिटी कैंपस में एक MBBS स्टूडेंट का खून से लथपथ शव हॉस्टल में मिला, अब तक क्या-क्या पता चला? घरवालों ने क्या बताया?

कानपुर में रामा यूनिवर्सिटी कैंपस में MBBS छात्र की मौत पर पिता ने बड़े आरोप लगाए हैं. पिता का साफ कहना है कि उनके बेटे की हत्या की गई है और इसके पीछे कॉलेज के ही कुछ स्टूडेंस्ट्स हैं. ये घटना 25 नवंबर की रात की है. मृतक का नाम साहिल था. घटना के बारे में अगले दिन सुबह तब पता लगा, जब सिक्योरिटी गार्ड हॉस्टल के बेसमेंट में पहुंचा, हुए वहां उसने साहिल की खून से लथपथ लाश देखी. कानपुर पुलिस परिजन की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
साहिल के पिता का क्या कहना है?आजतक से जुड़े सिमर चावला की रिपोर्ट के मुताबिक MBBS सेकंड ईयर के छात्र साहिल की मौत की खबर पाकर रविवार, 26 नवंबर को उसके पिता बृजमोहन सारस्वत मथुरा से कानपुर पहुंचे. उन्होंने अपने बेटे की हत्या की FIR दर्ज कारवाई. उन्होंने बताया कि साहिल उनका इकलौता बेटा था. 24 नवंबर को साहिल का बर्थडे था और उसने अपने दोस्तों को पार्टी दी थी. इसके बाद 25 नवंबर को भी उनकी साहिल से फोन पर बात हुई थी. वो अच्छे से बात कर रहा था, सब नॉर्मल था.
बृजमोहन सारस्वत का कहना है कि साहिल की हत्या की गई है. और हत्या की बात को कॉलेज प्रशासन छिपा रहा है, वो इसे दुर्घटना बताना चाहता है. पिता का सीधा-सीधा आरोप है कि जहां पर बॉडी मिली वहां पर चारों तरफ खून है, साथ ही उनके बेटे के चेहरे पर चाकू के निशान हैं, उसके सिर पर सरिया मारने के भी निशान मौजूद हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इस हत्या में कॉलेज के ही कुछ छात्र शामिल हैं.
पुलिस को दी शिकायत में क्या कहा गया?बृजमोहन सारस्वत ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि 25 तारीख को हॉस्टल के कुछ लड़कों ने मिलकर उनके बेटे के साथ मारपीट की. इस दौरान उसे गंभीर चोटें लगीं और फिर उसकी मौत हो गई. उनके मुताबिक इसके बाद हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को नीचे लाकर हॉस्टल के बेसमेंट में फेंक दिया गया. साहिल के पिता ने पुलिस और कॉलेज प्रशासन पर उनका सहयोग न करने का भी आरोप लगाया है.
हालांकि, पुलिस ने उनके इन आरोपों को नकारते हुए कहा है कि मृतक छात्र के परिजन की शिकायत उसे मिली है और अधिकारी शिकायत के आधार पर कार्रवाई कर रहे हैं. ACP विकास पांडेय ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. उनके मुताबिक क्राइम ब्रांच और लोकल एरिया की पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है.
ये भी पढ़ें:- कानपुर कुशाग्र मर्डर: शव के टुकड़े कर गंगा में बहाने वाले थे आरोपी, क्या खुलासा हुआ?
वीडियो: योगी आदित्यनाथ की पुलिस ने आरोपी के बारे में क्या बताया?

