The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • UP: In a Jaunpur village people stopped an old man from doing last rites of his wife due to COVID fear

यूपी: कोरोना के डर से गांव वालों ने बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार नहीं करने दिया

साइकिल पर पत्नी के शव को लेकर भटक रहे थे बुजुर्ग, पुलिस ने किया अंतिम संस्कार.

Advertisement
Img The Lallantop
कोरोना के डर से गांव के लोगों ने बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार गांव में होने से रोक दिया. (तस्वीर- ट्विटर)
pic
ओम
28 अप्रैल 2021 (अपडेटेड: 28 अप्रैल 2021, 01:33 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share
देश मे कोरोना भयावह स्थिति में पहुंच चुका है. 27 अप्रैल को पहली बार देश में एक दिन में कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा 3 हज़ार के पार पहुंच गया. पिछले 24 घंटे में 2 लाख 60 हज़ार से ज़्यादा कोरोना के नए मामले सामने आए हैं. इसी बीच उत्तर प्रदेश के जौनपुर से एक दिल को झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है. तस्वीर में एक बुजुर्ग शख़्स अपनी पत्नी की डेड बॉडी को साइकिल से अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहा है. बुजुर्ग की पत्नी की मौत जौनपुर जिला अस्पताल में हो गई थी. लेकिन कोरोना के डर से गांव वालों ने गांव में अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया. इसके बाद वो खुद पत्नी के शव को साइकिल से अंतिम संस्कार के लिए ले जाने लगे. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार करवाया. क्या है पूरा मामला जौनपुर में इंडिया टुडे से जुड़े पत्रकार राज कुमार सिंह के मुताबिक़, मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के अम्बरपुर गांव निवासी तिलकधारी सिंह की पत्नी राजकुमारी देवी की पिछले कुछ दिनों से बीमार थी. उनके पति ने उन्हें उमानाथ सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया था. इलाज के दौरान उनकी मौत जिला अस्पताल में 26 अप्रैल को हो गई. इसके बाद एम्बुलेंस से उनके शव को गांव पहुंचा दिया गया. लेकिन कोरोना के डर से गांव वाले उनके घर नहीं पहुंचे. शव की स्थिति खराब होती जा रही थी. इसके कारण वो खुद ही साइकिल पर अपनी पत्नी के शव को रखकर नदी की तरफ अंतिम संस्कार के लिए ले जाने लगे. प्रशासन को इसकी सूचना मिली तो उन्होंने आकर महिला का अंतिम संस्कार करवाया. मड़ियाहूं के सर्कल ऑफिसर (CO) एस पी उपाध्याय ने दी लल्लनटॉप को बताया-
"हमारे पास शिकायत आई थी कि अंबरपुर गांव के लोग एक महिला का अंतिम संस्कार गांव में नहीं करने दे रहे हैं. गांव के लोग महिला के कोरोना पॉजिटिव होने की बात कह रहे हैं. जिला अस्पताल में उनकी मौत हुई थी. इसके बाद उसके शव को एम्बुलेंस से गांव तक पहुंचा दिया गया था. जब गांव वालों ने अंतिम संस्कार गांव में करने से मना कर दिया इसके बाद बुजुर्ग महिला के पति खुद ही साइकिल पर शव को रखकर नदी की तरफ़ ले गए. वहां भी लोगो ने अंतिम संस्कार का विरोध किया. सूचना मिलते ही मड़ियाहूं थाना की पुलिस मौके पर पहुंच कर मृत महिला के अंतिम संस्कार की व्यवस्था जौनपुर के रामघाट पर की."
हालांकि महिला कोरोना पॉजिटिव थी या नहीं इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है. जानकारी मिलते ही हम स्टोरी में अपडेट कर देंगे. सोशल मीडिया पर लोग इस दिल को मर्माहत करने वाली तस्वीर को साझा कर इंसानियत के मर जाने जैसी बातें लिख रहे हैं. साथ ही जौनपुर पुलिस के इस काम की तारीफ भी कर रहे हैं. आपको बता दें कि यूपी में बीते 24 घंटे में कोरोना के 32 हज़ार 993 नए मामले सामने आए हैं. वहीं इस दौरान 265 मरीजों की मौत हो गई है. एक दिन में यूपी में हुई मौतों का ये सबसे बड़ा आंकड़ा है.

Advertisement

Advertisement

()