The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Umesh Pal murder case Six accused have killed along with Atique Ahmed

अतीक, अशरफ, असद... उमेश पाल हत्याकांड के 6 आरोपी मारे गए, बाकी कहां हैं?

अतीक और अशरफ की पुलिस कस्टडी में हत्या हुई. असद, गुलाम, अरबाज, एनकाउंटर में मारे गए.

Advertisement
Umesh Pal murder case accused
अतीक अहमद, अशरफ, असद और गुलाम (फाइल फोटो: PTI/आजतक)
pic
सुरभि गुप्ता
16 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 17 अप्रैल 2023, 01:59 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

उमेश पाल की हत्या (Umesh Pal murder) 24 फरवरी को हुई थी. हत्या के बाद अगले दिन उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने केस दर्ज कराया. जया पाल ने अतीक अहमद (Atique Ahmed), उसके भाई अशरफ, अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन, अतीक के दो बेटों, अतीक के साथी गुड्डू मुस्लिम, गुलाम मोहम्मद और 9 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था. उमेश पाल हत्याकांड के दो महीने से भी कम समय में केस के 6 आरोपियों की मौत हो चुकी है. 

ये छह आरोपी हैं- अतीक अहमद, अशरफ (अतीक का भाई), असद (अतीक का बेटा ) और अतीक के तीन सहयोगी अरबाज़, विजय चौधरी उर्फ उस्मान और गुलाम.

कैसे हुई उमेश पाल की हत्या के 6 आरोपियों की मौत?

- प्रयागराज में 15 अप्रैल की देर रात पुलिस की मौजूदगी में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हमलावर मीडियाकर्मी बनकर आए थे और मीडिया से उनकी बातचीत के दौरान ही गोली मार दी गई.

- इससे पहले 13 अप्रैल को उमेश पाल हत्याकांड में वॉन्टेड अतीक के बेटे असद और उसके साथी गुलाम की मौत हो गई थी. यूपी पुलिस ने कहा था कि झांसी के पास एनकाउंटर में असद और गुलाम की मौत हुई.

- उमेश पाल हत्याकांड के तीन दिन बाद, 27 फरवरी को ही अतीक के करीबी अरबाज की एनकाउंटर में मौत की खबर आई थी. अरबाज पर आरोप था कि उमेश पाल हत्याकांड में इस्तेमाल कार वो चला रहा था. पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक अरबाज की प्रयागराज में एनकाउंटर के दौरान मौत हो गई थी. ये एनकाउंटर नेहरू पार्क के जंगल में हुआ था. इसमें एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ था. 

- इसके बाद पुलिस ने 6 मार्च को विजय कुमार उर्फ उस्मान चौधरी के एनकाउंटर की जानकारी दी थी. पुलिस ने बताया था कि कौंधियारा इलाके में एनकाउंटर के दौरान उस्मान चौधरी की मौत हुई. उस्मान पर उमेश पाल को गोली मारने का आरोप था. कहा गया था कि उस्मान वो शूटर था, जिसने उमेश पाल को पहली गोली मारी थी.

कई आरोपी गिरफ्त में, कई फरार

उमेश पाल हत्याकांड में पुलिस को अभी गुड्डू मुस्लिम, अरमान और साबिर की तलाश है. इन लोगों पर 5-5 लाख रुपये के इनाम हैं. इस मामले में अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन भी नामजद आरोपी है. पुलिस को शाइस्ता की भी तलाश है. शाइस्ता पर 50 हजार का इनाम है.

आजतक की एक रिपोर्ट के मुताबिक उमेश पाल हत्याकांड में पुलिस ने अतीक की बहन आयशा नूरी, दो भांजी, अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा को भी आरोपी बनाया है. बताया गया कि गुड्डू मुस्लिम 5 मार्च को आयशा नूरी के मेरठ स्थित घर गया था. वहां गुड्डू ने आयशा नूरी और उसके पति अखलाक अहमद से मुलाकात की थी. अखलाक को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है. अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा को पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोपी बनाया है.

उमेश पाल हत्याकांड में पुलिस पहले ही कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. इनमें LLB का एक स्टूडेंट सदाकत खान है. इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के मुस्लिम हॉस्टल रहने वाले सदाकत ने बताया था कि साबरमती जेल में बंद अतीक ने उमेश पाल की हत्या की साजिश रची थी. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सदाकत के कमरे में ही शूटरों की मीटिंग हुई थी. प्लानिंग की एक-एक डिटेल यहीं तैयार हुई थी.

इसके अलावा पुलिस फुरकान और राशिद नाम के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो बरेली जेल में अशरफ से मिलने गए थे. उमेश पाल हत्याकांड में इस्तेमाल कार के मालिक रुखसार भी पुलिस की गिरफ्त में है. वहीं असद और गुलाम से मुलाकात करने वाले खालिद, जीशान और जावेद को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है.

वीडियो: अतीक और अशरफ की हत्या करने वाले शूटर्स ने क्या प्लान बनाया था?

Advertisement

Advertisement

()