उमा भारती ने मां का और मुलायम ने भैंस का दूध पिया है!
केंद्रीय मंत्री ने इटावा में दिया बयान. अखिलेश को बताया छोटा भाई.
Advertisement

फोटो - thelallantop
Quick AI Highlights
Click here to view more
साध्वी उमा भारती जब बाजार के पैदा किए और खूब हरिया रहे मदर्स डे के दिन उत्तर प्रदेश के इटावा पहुंचीं तो उनकी वत्सलता छलक उठी. उन्होंने सूबे के सीएम अखिलेश यादव को अपना छोटा भाई बताया. उस हिसाब से उमा दीदी अखिलेश भइया की भी दीदी हुईं. मगर अखिलेश बीएसपी सुप्रीमो मायावती को बुआ जी कहते हैं. तो उमा दीदी भी मायावती की भतीजी हुईं.
खैर. रिश्तेदारी ने राजनीति का बेड़ा खूब गर्क किया है. हम बयान पर लौटते हैं. उमा बोलीं. मेरी अदावत अखिलेश से नहीं उनके पापा मुलायम सिंह यादव से थी. वह भी राजनीतिक. उमा भारती ने नब्बे के दशक में हुए अयोध्या आंदोलन का जिक्र किया. बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने चुनौती दी थी. कि किसी नेता ने मां का दूध पिया है तो अयोध्या जाकर दिखाए. मैं तमाम पाबंदियों को धता बताकर तब रामलला की नगरी पहुंची थी. उसके बाद मुलायम ने भी माना था. कि उमा ने मां का दूध पिया है और मैंने भैंस का.
अखिलेश पर लौटते हुए उमा बोलीं कि वह जाति नहीं बल्कि विकास की राजनीति करें.
अरुण शौरी भी तो किसी की नहीं सुनते थे.
अटल सरकार में मंत्री रहे पत्रकार अरुण शौरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मोह का मारा बताया था. इस पर उमा बोलीं. जब शौरी मंत्री थे, तब किसी की नहीं सुनते थे. और अब वह यही आरोप मोदी जी पर लगा रहे हैं. क्योंकि उन्हें इस काम करने वाली सरकार में कोई पद नहीं मिला.
उमा भारती एक जानने वाले के फंक्शन में शरीक होने के लिए इटावा आई थीं. तभी उन्होंने ये दो चार राजनीतिक बातें कीं.

