इंग्लैंड में भयंकर हिंसा! 'बच्चों की कस्टडी' को लेकर ऐसा बवाल कि बस जला दी गई, पुलिस कार पर भी हमला
Leeds violence: हिंसा उस वक्त शुरु हुई, जब England के लीड्स शहर में चाइल्ड केयर एजेंसी के लोग कथित तौर पर स्थानीय बच्चों को अपने साथ Child care Home ले जा रहे थे. जिसका कुछ लोगों ने विरोध किया.

इंग्लैंड के लीड्स शहर से हिंसा की तस्वीरें सामने आ रही हैं. कहीं जलती हुई बस दिख रही है तो कहीं उल्टी पड़ी टूटी-फूटी पुलिस की गाड़ी (UK England Leeds Violence Viral). शहर के निवासियों से अपने घरों में ही रहने के लिए कहा गया है. भारी संख्या में सड़क पर उतरे लोगों को काबू करने के लिए जगह-जगह पर पुलिस फोर्स तैनात की जा रही है. मामला कथित तौर पर बच्चों की कस्टडी से जुड़ा हुआ है.
मामला वेस्ट यॉर्कशर में हेयरहिल्स की लक्जर स्ट्रीट का है. ब्रिटेन के अखबार द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक हिंसा की शुरुआत गुरुवार 18 जुलाई को हुई. पुलिस को सूचना मिली कि बच्चों से जुड़े किसी मामले को लेकर विवाद हो रहा है. चाइल्ड केयर एजेंसी के लोग कथित तौर पर स्थानीय बच्चों को अपने साथ चाइल्ड केयर होम ले जा रहे थे, जिसका कुछ लोगों ने विरोध किया. इस दौरान वहां लोगों की भीड़ भी जुट गई. खबर है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह एजेंसी कर्मचारियों और बच्चों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया. इसके बाद मामला और बढ़ गया.
बता दें कि इंग्लैंड के कानून के मुताबिक प्रशासन बच्चों को विशेष परिस्थितियों में मां-बाप से अलग कर सकता है. अगर प्रशासन को लगता है कि परिजनों की देखरेख में किसी बच्चे की परवरिश सही तरीके से नहीं हो पा रही है. तो उन्हें चाइल्ड केयर होम में रखा जाता है.
घटना से जुड़े वीडियो सामने आ रहे हैं. कुछ लोग पुलिस की गाड़ी पर सामान फेंकते दिख रहे हैं. एक स्थानीय महिला ने अखबार को घटना के बारे में बताया,
वो लोग पुलिस की गाड़ियों पर हमला कर रहे थे. जो कुछ भी उनके हाथ लगा- पत्थर, कूड़ा-करकट- वो पुलिस गाड़ी पर फेंक रहे थे. वो उन कारों पर भी हमला कर रहे थे जो ट्रैफिक लाइट के पास से गुजर रही थी. वहां बहुत भीड़ इक्ट्ठा हो गई.
हेयरहिल्स लेन पर एक सड़क जंक्शन पर एक और आग लगाने की घटना सामने आई.

एक चश्मदीद ने बताया कि मामला शांत करने के लिए पुलिस पीछे हट गई. बोले,
पुलिस का क्या कहना है?इसके कुछ देर बाद वहां दंगा पुलिस पहुंची और फिर हिंसा होने लगी. उन पर ईंटें फेकी गईं. जिसके बाद उन्हें पीछे हटना पड़ा. फिर बस में आग लगाई गई.
यॉर्कशर पुलिस ने आग से वाहनों को हुए नुकसान समेत सभी अपराधों की पूरी जांच करने का वादा किया है. पुलिस ने कहा,
हम साफ करना चाहते हैं कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना को मैनेज करने के लिए क्षेत्र में ज्यादा अधिकारियों को तैनात किया गया है. कुछ सड़कें भी बंद की जा रही हैं और लोगों को फिलहाल इस इलाके से दूर रहने की सलाह दी जाती है.
वेस्ट यॉर्कशर के मेयर ने मामले पर जानकारी दी,
घटना में कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है लेकिन जो लोग सामुदायिक तनाव को भड़काने के लिए इसका इस्तेमाल कर रहे हैं उन्हें फिर से सोचने का सुझाव देता हूं.
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश: कोटा आंदोलन में अब तक 32 लोगों की मौत, हजारों घायल; ताजा अपडेट जान लें
गृह सचिव यवेटे कूपर ने हमलों की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की अव्यवस्था की हमारे समाज में कोई जगह नहीं है. उन्होंने लिखा,
लीड्स में पुलिस वाहनों और सार्वजनिक परिवहन पर हुए चौंकाने वाले दृश्यों और हमलों से स्तब्ध हूं. वेस्ट यॉर्कशर पुलिस को उनकी प्रतिक्रिया के लिए मेरा धन्यवाद.
गिप्टन और हेयरहिल्स की पार्षद सलमा आरिफ ने सोशल मीडिया के जरिए निवासियों से अपने घर पर रहने की चेतावनी दी.
पुलिस मामले की जांच कर रही है.
वीडियो: दुनियादारी: शेख़ हसीना की चेतावनी के बाद बांग्लादेश में क्या हुआ?

