The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • uk elections rishi sunak pranked by youtuber niko omilana shows placard written l

ऋषि सुनक हार के बाद भाषण दे रहे थे, चर्चित YouTuber ने पीछे से 'L' बता दिया

हार के बाद Rishi Sunak की बहुत फ़जीहत हो रही है. रिचमंड और नॉर्थलेर्टन में अपने वोटर्स को स्पीच देते हुए बवाल ही हो गया.

Advertisement
pic
5 जुलाई 2024 (अपडेटेड: 5 जुलाई 2024, 07:48 PM IST)
rishi sunak prank by niko
भाषण देते हुए ऋषि सुनक के पीछे आया यूट्यूबर. (फ़ोटो - सोशल)
Quick AI Highlights
Click here to view more

UK चुनाव में ऋषि सुनक बहुत बुरा हारे हैं. उन्होंने संसद भंग करवा कर चुनाव पहले बुलवा लिए थे. जैसे नतीजे आए हैं, वो देखकर सुनक सोचते होंगे - ‘क्यों बुलवा लिए?’ अब उनकी जगह लेबर पार्टी के कीर स्टार्मर प्रधानमंत्री बनेंगे. हार के बाद ऋषि सुनक की बहुत फ़जीहत हो रही है. रिचमंड और नॉर्थलेर्टन में अपने वोटर्स को स्पीच देते हुए बवाल ही हो गया. दरअसल, जब वो स्पीच दे रहे थे, तब एक 'शरारती' यूट्यूबर उनके पीछे आया और एक दफ़्ती ऊपर की, जिस पर 'L' लिखा था. L मानू लूज़र (हारने वाला).

किसने की ऐसी जुरअत?

निको ओमिलाना. स्टैफ़र्डशह का रहने वाला 26 साल का वीडियो क्रिएटर. उसके चैनल को सब्सक्राइब करने वाले क़रीब 75 लाख फ़ॉलोअर्स को उनकी पैरॉडी वीडियोज़, कॉमेडी स्कैच, प्रैंक और अलग-अलग तरह के व्लॉग पसंद आते हैं. हालांकि, निको केवल मनोरंजन नहीं करते. मुखर पॉलिटिकल टिप्पणियां भी करते हैं. हाल के महीनों में उन्होंने ब्रिटिश राजनीति पर ख़ूब तुर्रे छोड़े हैं. पूर्व-प्रधानमंत्री सुनक को कई मौक़ों पर घेरा है.

इस ‘लूज़र’ वाले प्रैंक की भी ज़िम्मेदारी ओमिलाना ने ले ली है. अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया: “इसे पकड़ो L ऋषि. तुम्हारा समय ख़त्म.”

जब निको ओमिलाना सुनक के पीछे खड़ा था, तो कैमरेवालों ने कोशिश तो की, मगर उसे फ़्रेम से बाहर निकाल नहीं पाए.

ये पहली बार नहीं है, जब निको ने ऐसा कुछ सियासी कांड किया हो. वो एक बार मेयर का चुनाव भी ल़ड चुके हैं. इस बार भी उन्होंने 11 जगहों से पर्चा भरा था. लेकिन ब्रिटिश चुनाव आयोग ने इसे नियमों का उल्लंघन बताया था. 

इसे भी पढ़ें - लेबर पार्टी के 'शोर' के बीच नाइजल फराज ने लिखी कंजर्वेटिव पार्टी की हार की 'असली' कहानी

सुनक ने चुनाव नतीजों को ‘एक गंभीर फ़ैसला’ बताया है. बोले,

“सीखने के लिए बहुत कुछ है. मैं हार की ज़िम्मेदारी लेता हूं... कई अच्छे, मेहनती कंज़र्वेटिव उम्मीदवार जो आज रात हार गए. उनके अथक प्रयासों, उनकी स्थानीय पकड़ और उनके समर्पण के बावजूद. इसका मुझे खेद है.”

हालांकि सुनक तो अपनी सीट जीत गए, एक पूर्व-प्रधानमंत्री ऐसा न कर पाईं. कौन? लिज़ ट्रस.

सुनक अब विपक्ष में बैठेंगे. उनका चुनाव पहले करवाने का दाव चला नहीं. दूसरी ओर अपने विजय भाषण में स्टार्मर ने कहा कि बदलाव की शुरुआत हुई है.

“ईमानदारी से कहूं, तो मुझे अच्छा लग रहा है... साढ़े चार साल की मेहनत, पार्टी को बदलना. यही मक़सद था. एक बदली हुई लेबर पार्टी, जो हमारे देश की सेवा करने के लिए तैयार है, ब्रिटेन को कामकाजी लोगों की सेवा करने के लिए तैयार है.”

ब्रिटेन की राजनीति में 14 साल बाद लेबर पार्टी की वापसी हुई है. उनकी नीतियां किस ओर झुकेंगी, देखना होगा.

वीडियो: कीर स्टार्मर के नेतृत्व में लेबर पार्टी ने जीता चुनाव, ऋषि सुनक की पार्टी बुरी तरह हारी

Advertisement

Advertisement

()