The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Uganda Army Chief General Muhoozi Kainerugaba Demands 1 Billion Dollars And Beautiful Lady From Turkey

युगांडा के आर्मी चीफ ने तुर्किये को धमकाया, '1 अरब डॉलर, सबसे खूबसूरत महिला दो, वरना...'

युगांडा ने अफ्रीकी संघ के मिशनों के जरिए लगभग दो दशकों तक अल-कायदा से जुड़े इस्लामी आतंकवादी संगठन अल-शबाब के आतंकवादियों से लड़ने का भारी सुरक्षा जिम्मेदारी उठाई. इसके एवज में मुहूजी ने तुर्किए से Security Dividend ‘सुरक्षा लाभांश’ की मांग की.

Advertisement
pic
12 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 09:05 PM IST)
Uganda
यूगांडा के सेना प्रमुख ने तुर्किए से 'नाजायज' मांग रखी. (फोटो- रॉयटर्स)
Quick AI Highlights
Click here to view more

युगांडा के सेना प्रमुख जनरल मुहूजी काइनेरुगाबा ने तुर्किए के सामने एक ‘शर्मनाक’ डिमांड रखी है, जिसे लेकर उनकी खूब आलोचना हो रही है. सोमालिया में आतंकवादी संगठन से लड़ाई के बदले उन्होंने तुर्किये से 1 बिलियन डॉलर यानी तकरीबन 93 अरब रुपये मांगे हैं. इसके साथ उन्होंने तुर्किए की सबसे खूबसूरत महिला को उन्हें सौंपने को भी कहा है, जिसे वो अपनी पत्नी बनाना चाहते हैं. मुहूजी ने तुर्किए को चेतावनी दी है कि अगर उनकी ये मांग पूरी नहीं की जाती है तो युगांडा तुर्किए के साथ सभी तरह के राजनयिक संबंध (Diplomatic Relation) खत्म कर देगा. तुर्किये के लिए अपना एयरस्पेस भी बंद कर देगा.

युगांडाई सेना प्रमुख की इस मांग की सोशल मीडिया पर आलोचना हो रही है. हालांकि, अभी तक उनकी बेतुकी मांग पर तुर्किए की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. जनरल मुहूजी काइनेरुगाबा ने शनिवार, 11 अप्रैल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया था. इसमें उन्होंने लिखा,

तुर्की से मिलने वाले 1 बिलियन के अलावा मुझे उस देश की सबसे खूबसूरत महिला अपनी पत्नी के रूप में चाहिए!

Uganda
मुहूजी काइनेरुगाबा की मांग.

 

सवाल है कि काइनेरुगाबा किस हक से तुर्किये से पैसे और दुल्हन मांग रहे हैं? असल में काइनेरुगाबा को लगता है कि उनके देश की सेना ने सोमालिया में आतंकवादी सगंठन से लड़ने में जी-जान लगाई है. उसने सोमालिया को सुरक्षा दी है. इसके बाद तुर्किये वहां के इन्फ्रास्ट्रक्चर में निवेश कर पा रहा है. इससे उसे मुनाफा भी हो रहा है लेकिन वो सोमालिया में सेफ माहौल बनाने के लिए युगांडा को सिक्योरिटी डिविडेंड नहीं दे रहा है.  

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार 11 अप्रैल को एक्स पर किए अपने कई पोस्ट में युगांडा के सेना प्रमुख काइनेरुगाबा ने तुर्की पर आरोप लगाया कि वह सोमालिया में इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, बंदरगाह और मोगादिशु शहर के के एयरपोर्ट से बड़ा मुनाफा कमा रहा है. इधर, युगांडा पिछले करीब 20 सालों से अफ्रीकन यूनियन के मिशनों के जरिए अलकायदा से जुड़े आतंकी संगठन अल-शबाब से लड़ाई लड़ रहा है. इसी के एवज में उन्होंने तुर्की से 1 अरब डॉलर ‘सिक्योरिटी डिविडेंड’ के तौर पर मांगे और इसके साथ ही अपनी एक निजी मांग भी जोड़ दी, जिसे लेकर उनकी निंदा की जा रही है. 

काइनेरुगाबा ने ‘एक्स’ पर लिखा कि उन्हें तुर्की से 1 अरब डॉलर यानी तकरीबन 93 अरब भारतीय रुपये चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने तुर्किये की सबसे खूबसूरत महिला को अपनी पत्नी के रूप में मांगा है. उन्होंने चेतावनी भी दी है कि अगर एक महीने के अंदर तुर्की उनकी बात नहीं मानता तो वह युगांडा के एयरस्पेस में उसके विमानों को उड़ने नहीं देंगे. साथ ही अंकारा (तुर्किये की राजधानी) से युगांडा के सारे डिप्लोमेटिक रिश्ते भी खत्म कर देंगे. 

उन्होंने युगांडा में तुर्किये का दूतावास भी बंद करने की धमकी दी है. यह भी कहा कि अगर तुर्किए चाहे तो वो भी अपने देश में युगांडा का दूतावास बंद कर सकता है. उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं होगी. मुहूजी ने तुर्किए को पीठ में छुरा घोंपने वाला बताया. साथ ही अपने देश के नागरिकों को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए तुर्किए की यात्रा न करने की हिदायत भी दे दी. इजरायल के समर्थन में उतरते हुए मुहूजी ने कहा,

मैं पवित्र भूमि, हमारे ईश्वर यीशु मसीह की धरती की रक्षा के लिए अपनी कमान के तहत 1,00,000 युगांडा के सैनिकों को इजरायल भेजने के लिए तैयार हूं.

Mahuzi
मुहूजी का बयान.

बता दें कि जनरल मुहूजी काइनेरुगाबा ज्यादातर अपने बेतुके बयानों के लिए जाने जाते हैं. इससे पहले साल 2022 में उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से शादी करने की इच्छा जाहिर की थी. इसके बदले वो इटली को 100 गायें देने को तैयार थे. साथ ही उनके प्रस्ताव को ठुकराए जाने पर रोम पर कब्जा करने की बात भी कही थी.

मुहूजी काइनेरुगाबा युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी के बेटे हैं. बेटे की बेतुकी बयानबाजी के बाद उन्हें सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी पड़ी थी. 

साल 2022 में काइनेरुगाबा ने केन्या पर भी कब्जा करने की बात कही थी, जिसके बाद उनके पिता योवेरी मुसेवेनी ने उन्हें अस्थायी तौर पर ‘चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज' के पद से हटा दिया था और केन्या से भी माफी मांगी थी. 

वीडियो: Islamabad Talks क्यों फेल हो गई?

Advertisement

Advertisement

()