एक्टिवा से आये थे फ़ोन चुराने, इस बहादुर लड़की ने चोर को धर लिया
दिल्ली के पीतमपुरा में दो लोगों ने एक लड़की का फ़ोन चुराया. लड़की ने एक को पकड़ लिया और पुलिस में कंप्लेंट कर दी.
Advertisement

फोटो - thelallantop
दिल्ली यूनिवर्सिटी की स्टूडेंट है राखी. फ़ोन पर बात करते हुए सड़क पर चल रही थी. दो लड़के आए एक्टिव पर. फ़ोन छीन लिया. ऐसे में लोग अक्सर घबरा जाते हैं. राखी डरी नहीं. उसने पीछे बैठे लड़के का कॉलर पकड़ कर खींच लिया. एक्टिवा का बैलेंस बिगड़ गया. दोनों लड़के गिर गए. राखी ने खूब हल्ला मचाया. ढेर सारे लोग इकट्ठे हो गए. उन दो लड़कों में से एक भाग गया. एक को राखी ने पकड़ लिया. उस लड़के ने अपना नाम वासु बताया. सबसे पहले तो राखी ने अपना फ़ोन वापिस लिया. उसके बाद वासु को जमकर धुना. बाद में उसको पुलिस स्टेशन में दे दिया.
ये जो फुल स्पीड में दुपहिया पर बैठ कर फ़ोन, बाइक या पर्स उड़ा ले जाते हैं. खुद को जॉन अब्राहम समझते हैं. बहुत 'डूड' बनते हैं. उनको लगता है. इत्ते फर्राटे से निकल जाएंगे कि कोई उनको पकड़ ही नहीं पाएगा. दुपहिया में अक्सर नंबर भी नहीं होता. इत्ती स्पीड से निकल भी जाते हैं कि शक्ल देखने का भी टाइम नहीं होता. बहुत ईज़ी मनी होता है ये. बिना मेहनत किए. चोरी का सामान बेच दिया. और ढेर सारे पैसे मिल गए. कई बार अगर ये लड़के कुछ चुरा नहीं पाते तो लोगों को धक्का मार कर गिरा ही देते हैं. फिर पूरा एक्सेलरेटर दबा कर निकल लेते हैं.
हमारे मोहल्ले में एक बार एक आंटी बहुत मोटी सी सोने की चेन पहन कर टहल रही थीं. बाइक से दो लड़के आए और उनकी चेन गले से निकाल लिए. आंटी चिल्ला रही थीं. पूरा मोहल्ला इकठ्ठा हो गया. लेकिन बाइक वाले लड़के फुल स्पीड में भाग गए. दो दिन बाद वही आंटी कहीं जा रही थीं. बाइक वाले वो दो लड़के आए. उनकी चेन उनके ऊपर फेंकी, उनको धक्का दिया और बोले, 'आंटी नकली चेन पहनती हो तो बता भी दिया करो, फालतू में हमारा भी टाइम वेस्ट हो गया.' आंटी डर गई थीं. अक्सर लोग डर जाते हैं.
राखी डरी नहीं. कुछ रेफेल्क्स एक्शन था और बहुत सारी उसकी हिम्मत थी. उसका फ़ोन तो मिल गया. लेकीन उससे अच्छी बात ये हुई कि उन चोट्टों में से एक को तो पकड़ लिया गया. पुलिस ने उसपर ढेर सारे चार्ज लगा कर उसको हवालात में रखा हुआ है. इंटेरोगेशन में वासु ने बताया कि वो दसवीं तक पढ़ा है. जल्दी से पैसा कमाना था. इसलिए वो चोरी करने लगा. राखी को उसकी बहादुरी के लिए इनाम मिलने वाला है. राखी जैसी हिम्मत सब लोग कर लें तो ये तो आसानी से पैसा कमाने का धंधा है, सब बंद हो जाए.

.webp?width=60)

