The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • two men killed cab driver tried to sell this car chhattisgarh

मां-पत्नी को जेल से छुड़ाना था, लेकिन पैसा नहीं था, तो कैब ड्राइवर की हत्या की और...

उधर कैब ड्राइवर के परिवार वाले कई दिनों तक उसका इंतजार करते रहे.

Advertisement
pic
27 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 27 अप्रैल 2023, 09:20 PM IST)
cab driver murder chhattisgarh
कैब को कोई पहचान न ले इसलिए आरोपियों ने कैब की नंबर प्लेट भी बदल दी. (फोटो: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

छत्तीसगढ़ के अभनपुर में दो लोगों ने कथित रूप से वकील की फीस चुकाने के लिए एक कैब ड्राइवर की हत्या कर दी. आरोप है कि उन्होंने मोबाइल से फोन कर कैब की बुकिंग की, बाद में ड्राइवर की हत्या कर शव को घर के आंगन में ही दफ्ना दिया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.

आजतक से जुड़े सुमी की रिपोर्ट के मुताबिक कैब ड्राइवर जब कई दिनों तक घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने जांच शुरू की तो ड्राइवर के मोबाइल रिकॉर्ड्स के जरिये वो आरोपियों तक पहुंची. पुलिस के मुताबिक उन्हें गिरफ्तार कर थाने लाया गया जहां पूछताछ में उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया है.

रिपोर्ट के मुताबिक कैब ड्राइवर सुनील वर्मा 15 अप्रैल से लापता था. पुलिस ने बताया कि आरोपी राकेश कुर्रे और तपन बांधे ने पैसों के लिए सुनील की हत्या की. वे उसकी कैब बेचकर पैसे का बंटवारा कर लेना चाहते थे. आजतक से बातचीत के दौरान रायपुर के SSP नीरज चंद्राकर ने बताया,

‘सुनील वर्मा रायपुर के शीतलापारा की पुरानी बस्ती का रहने वाला था. उसकी गुमशुदगी की शिकायत उसके परिजनों ने पुरानी बस्ती थाना में की थी. सुनील पेशे से कैब ड्राइवर था. वह 15 अप्रैल से लापता था. पुलिस ने जांच शुरु की, तो उसकी कैब की आखिरी बुकिंग अभनपुर के गांव खोला से थी. ये बुकिंग राकेश कुर्रे ने की थी. इसलिए पूछताछ के लिए राकेश को बुलाया गया. राकेश ने पहले पुलिस को सच नहीं बताया. लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद उसने तपन बांधे के साथ मिलकर सुनील की हत्या की बात स्वीकारी. पुलिस ने आरोपियों की बताई हुई जगह से सुनील का शव और लूटी हुई कैब को बरामद कर लिया है.’

वहीं दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी राकेश ने कैब ड्राइवर की हत्या इसलिए की क्योंकि वो अपनी और पत्नी को जेल से छुड़ाना चाहता था, जो पिछले एक साल से कैदी हैं. राकेश काफी समय से उन्हें जेल से बाहर निकलवाने की कोशिश में लगा था, लेकिन पैसे की तंगी के कारण कुछ कर नहीं पा रहा था. इसीलिए उसने अपने दोस्त तपन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. इसके तहत उन्होंने किसी कैब ड्राइवर पर हमले की योजना बनाई थी. 

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने सुनील की गला घोंटकर हत्या की. राकेश ने पुलिस से कहा कि वो सुनील को पहले से जानता था. उसने पहले भी सुनील की कैब किराए पर ली थी. 14 अप्रैल को उसने कैब बुक की. सुनील को फोन कर खोला गांव बुलाया. उसके वहां पहुंचने पर दोनों ने रात 12 बजे के आसपास गांव की नहर के करीब सुनील की हत्या कर दी. फिर शव को घर के आंगन में दफ्ना दिया. पुलिस ने मृतक का शव बरामद कर लिया है.

वीडियो: एक साल से गायब था किराएदार, घर खोला तो ड्रम में टुकड़ों में मिली महिला की लाश

Advertisement

Advertisement

()