The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Two Indian-Origin Start-Up Executives Convicted Of $1 Billion Corporate Fraud Scheme In US

भारतीय मूल के दो लोगों ने अमेरिकियों को 8 हज़ार करोड़ का चूना लगा दिया!

ऋषि शाह और श्रद्धा अग्रवाल वाइट हाउस में सम्मान पा चुके थे. फिर भी कांड कर दिया.

Advertisement
pic
12 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 12 अप्रैल 2023, 01:12 AM IST)
Shradha Agarwal and Rishi Shah convicted in corporate fraud scheme in US
अमेरिका में श्रद्धा अग्रवाल और ऋषि शाह कॉरपोरेट फ्रॉड स्कीम में दोषी करार दिए गए हैं (फोटो: इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

अमेरिका में भारतीय मूल के दो व्यक्तियों को अरबों रुपये के घोटाले का दोषी पाया गया है. इनके नाम हैं, ऋषि शाह और श्रद्धा अग्रवाल. ऋषि और श्रद्धा हेल्थ टेक्नोलॉजी स्टार्ट-अप कंपनी 'आउटकम हेल्थ' (Outcome Health) के को-फाउंडर रहे हैं. ऋषि शाह कंपनी के पूर्व CEO रहे हैं. श्रद्धा अग्रवाल कंपनी की पूर्व प्रेसिडेंट रही हैं. 

इस मामले में कंपनी के पूर्व चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर और चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर ब्रैड पर्डी को भी दोषी करार दिया गया है. यूएस डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक ऋषि, श्रद्धा और ब्रैड को लगभग 1 अरब डॉलर (करीब 82 अरब रुपये) का घपला करने के मामले में दोषी ठहराया गया है.

मामला क्या है?

'आउटकम हेल्थ' ने अमेरिका में डॉक्टरों के ऑफिस में टेलीविजन स्क्रीन और टैबलेट इंस्टॉल किए थे. फिर क्लाइंट्स को उन डिवाइसेज पर एडवरटाइजिंग स्पेस बेची, जिनमें से ज्यादातर फार्मा कंपनियां थीं. माने दवा कंपनियों के विज्ञापन इन स्क्रीन्स पर चला करते थे. 'आउटकम हेल्थ' इन दवा कंपनियों को उनके विज्ञापन चलाने का बिल भेजती. इस कंपनी ने अपने क्लाइंट्स (दवा कंपनियों) को दिखाया कि स्क्रीन्स पर विज्ञापन कॉन्ट्रैक्ट के अनुसार दिखाए जा रहे हैं, जबकि उसमें गड़बड़ की जा रही थी. बिलिंग में भी हेर-फेर की गई.

ऋषि शाह को मेल फ्रॉड के 5 मामलों, वायर फ्रॉड (टेलिकम्यूनिकेशन या इन्फॉरमेशन टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से की गई वित्तीय धोखाधड़ी) के 10 मामलों, बैंक फ्रॉड के 2 मामलों और मनी लॉन्ड्रिंग के 2 मामलों में दोषी ठहराया गया है. वहीं, श्रद्धा अग्रवाल को मेल फ्रॉड के 5 मामलों, वायर फ्रॉड के 8 मामलों और बैंक फ्रॉड के 2 मामलों में दोषी पाया गया है. 

इन दोनों को अभी दोषी ठहराया गया है. उनकी सजा पर सुनवाई अभी बाकी है.

2006 में बनी थी कंपनी

ऋषि शाह और श्रद्धा अग्रवाल ने साल 2006 में ‘आउटकम हेल्थ’ स्टार्ट-अप कंपनी शुरू की थी. साल 2017 के पहले तक ‘आउटकम हेल्थ’ को कॉन्टेक्स्ट मीडिया (Context Media) के नाम से जाना जाता था.

आउटकम हेल्थ के CEO रहे ऋषि शाह तब कामयाब मीडिया और टेक्नोलॉजी उद्यमी माने जाते थे. ऋषि कई नागरिक संगठनों - जैसे शिकागोलैंड चैंबर ऑफ कॉमर्स और इंस्टीट्यूट फॉर स्टूडेंट बिजनेस एजुकेशन एट नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल रहे हैं.

आउटकम हेल्थ की को-फाउंडर रही श्रद्धा अग्रवाल कॉन्फ्रेंस स्पीकर और स्टार्ट-अप एडवाइजर हैं. ऋषि शाह और श्रद्धा अग्रवाल को टॉप 100 यंग आंत्रप्रेन्योर की लिस्ट में शामिल होने के लिए व्हाइट हाउस में सम्मानित भी किया जा चुका है.

वीडियो: यूपी स्कॉलरशिप स्कैम: 100 करोड़ की हेराफेरी पर पुलिस ने बताया- किसने किया घोटाला?

Advertisement

Advertisement

()