ठाणे: मां के साथ टहल रही बच्ची के ऊपर पांचवीं मंजिल से गिरा कुत्ता, मौत, पुलिस ने कहा- छत से किसी ने धक्का...
Thane Dog Falls over Girl: घटना के तुरंत बाद मां बेहोश बच्ची को छत्रपति शिवाजी अस्पताल ले गई. फिर बच्ची को CT स्कैन के लिए कालसेकर अस्पताल ले जाया गया. बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया.

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बिल्डिंग की छत से एक कुत्ता चार साल की बच्ची पर गिर गया हादसे में बच्ची की मौत हो गई (Dog Falls over Girl Thane). बच्ची अपनी मां के साथ बिल्डिंग के पास से गुजर रही थी. तभी अचानक ऊपर से कुत्ता सीधे बच्ची पर गिर गया. घटना 6 अगस्त की शाम की बताई जा रही है. मामले से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला मुंबरा के अमृत नगर इलाके का है. कुत्ता चिराग मैनशन बिल्डिंग से गिरा था. मृतक बच्ची का नाम सना मोहम्मद शेख बताया जा रहा है. मुंबरा पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है. पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कुत्ता छत से गिरा था या उसे धक्का दिया गया.
घटना के तुरंत बाद मां बेहोश बच्ची को छत्रपति शिवाजी अस्पताल ले गई. फिर बच्ची को CT स्कैन के लिए कालसेकर अस्पताल ले जाया गया. बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया. छत से गिरे कुत्ते को भी चोटें आई है. खबर है कि उसे जानवरों के अस्पताल ले जाया गया. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फुटेज में दिख रहा है कि कुत्ता बहुत फोर्स के साथ बच्ची पर गिरा जिसके बाद वो बेहोश हो गई. कुछ देर बाद कुत्ता धीरे-धीरे चलते हुए दिखा.
पुलिस को शक है कि किसी ने जानवर को छत से धक्का दिया था. मामले में मुंबरा पुलिस स्टेशन में एक्सीडेंटल डेथ की रिपोर्ट दर्ज की गई है. पुलिस ने बताया कि लड़की की मां ने अपने बयान में कहा है कि वो किसी के खिलाफ शिकायत नहीं देना चाहती. एक अधिकारी ने कहा,
प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि कुत्ता किसी निवासी का था. उसे पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा और पूछा जाएगा कि जानवर ऊपर से कैसे गिरा.
वरिष्ठ निरीक्षक अनिल शिंदे ठाणे नगर निगम को लिखेंगे कि क्या कुत्ते के मालिक के पास नगर निकाय से परमिशन थी. जांच जारी है.
वीडियो: गाजियाबाद: कुत्ते के काटने से बच्चे की मौत पर FIR, कुत्ता पालने वाली फैमिली ने क्या झूठ बोला था?

