इस सेल्फी ने केरल के सीएम को भी झंझट में डाल दिया है
आज का ज्ञान: आप दारू से बच सकते हैं, लेकिन सेल्फी कहीं का नहीं छोड़ेगी
Advertisement

पुलिस की टोपी पहन सेल्फी लेते लड़के
सेल्फी का क्रेज क्या होता है, वो तुम क्या जानो पाठक बाबू..! खबरें पढ़ोगे तो रोज सेल्फीयापे की कोई न कोई खबर मिल ही जाएगी. कुछ छोरे और छोरियां तो सेल्फी के लिए जी-जान पर खेल जाते हैं. मल्लब सेल्फी न हुई कि जी का जंजाल हो गई. सेल्फी लेते टाइम उनके खोपड़ी में एक ही बात दौड़ रही होती है कि जब सेल्फी फेसबुक पर डालूंगा तो कित्ते लाइक्स मिलेंगे. कैसे-कैसे कमेंट आएंगे. मेरी वाली या मेरे वाले का क्या रिएक्शन होगा. फलाना ढिमकाना. केरल के कोल्लम में इसी सोच के कुछ लड़कों ने फेसबुक पर पुलिस की टोपी पहनकर सेल्फी डाल दी. लाइक्स, कमेंट गया तेल लेने. इस सेल्फी ने तो एक नया मसला ही खड़ा कर दिया.
हुआ ये कि सन्डे को कोल्लम के कवानाडु थाने में पुलिस के पास एक शिकायत आई. शिकायत ये थी कि पब्लिक स्पेस पर तीन लड़के दारू पीकर धमा-चौकड़ी मचा रहे हैं. पुलिस भी थाने से जीप लेकर निकली और तीनो ही लड़कों को गिरफ्तार करके ले आई थाने में. पर लड़के निकले सेल्फीबाज. थाने पहुंचने के बाद जब दारू का नशा टूटा तो सेल्फी का नशा चढ़ गया. खींच डाले सेल्फी पर सेल्फी. पुलिस ने पूछताछ करके बाद अगली सुबह लड़कों को छोड़ दिया.
बाहर निकलते ही बवाली लड़कों में से एक 'साज एलैसियस' ने सेल्फी को चेप डाला फेसबुक पर. फोटो में वो लड़का पुलिस की टोपी पहनकर तनके खड़ा है. और फोटो का कैप्शन डाला है “फीलिंग हैप्पी फ्रॉम कवानाडु पुलिस स्टेशन” साथ में अपने दोनों दोस्तों 'टॉनी फ्रांसिस' और 'बीजो बेन' को भी टैग किया था. ऐसा लग रहा है जैसे थाने पिकनिक मनाने गए हों. लाजमी है कि इस फोटो पर बवाल होगा ही. अपलोड होते ही ये फोटो वायरल हो गया. लोगों ने केरल पुलिस को टारगेट करना शुरू कर दिया.वायरल हुई इस सेल्फी को लेकर लोगों ने पुलिस की शिकायत केरल के होम मिनिस्टर से लेकर चीफ मिनिस्टर तक से कर डाली. पुलिस के खिलाफ हो रहे इस कैंपेन को देखते हुए कोल्लम सिटी कमिश्नर सतीश बिनो ने कवानाडु थाने के इंचार्ज से पूछताछ की.
उस थाने के इंचार्ज ने बताया कि, “हमें नहीं पता कि इन लड़कों ने पुलिस की टोपी पहनकर कब सेल्फी ले ली. रात को थाने में ज्यादा स्टाफ नहीं होते हैं. हो सकता है कि ये सेल्फी स्टाफ की गैरमौजूदगी में ली गई हो. हम किसी को पुलिस की टोपी पहनने की परमिशन नहीं दे सकते हैं.” इस मामले को लेकर ज्यादा पूछे जाने पर थानेदार साहब भड़क गए. झुंझलाते हुए बोल पड़े की, ‘उनसे पूछो कि कब सेल्फी ली. हमसे न पूछो’.मामला तो पुलिस की लापरवाही का है. लड़कों के पास जब पुलिस की टोपी आ गई तो बंदूक भी तो आ सकती थी. बंदूक से फायर भी कर सकते थे. एक तो लापरवाही करो फिर और कोई आपकी लापरवाही पर सवाल करे तो भड़क जाओ. क्या ऐसी ही लापरवाह पुलिस हमें सुरक्षा देगी. हाय रे लॉ एंड ऑर्डर!
ये स्टोरी आदित्य प्रकाश ने की है

.webp?width=60)

