अब सिनेमाघर में एक-एक सीट छोड़कर नहीं बैठना पड़ेगा!
100 फीसदी क्षमता के साथ 1 फरवरी से खुलेंगे सिनेमाघर.
Advertisement

पटियाला में थियेटर को सैनेटाइज करता एक कर्मचारी. फोटो- PTI
Quick AI Highlights
Click here to view more
थियेटर लवर्स खुश हो जाएं. एक फरवरी यानी सोमवार से सिनेमाघर 100 प्रतिशत की क्षमता के साथ खुलने वाले हैं. केंद्र सरकार से अनुमति मिल चुकी है. अब सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने सिनेमाघरों के लिए SOP (Standard operating procedure) जारी कर दी है. कुल मिलाकर बात ये है कि अब आप अपने नजदीकी सिनेमाघरों में नई मूवीज का लुत्फ उठा पाएंगे.
मार्च 2020 में जब से भारत में कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन लगा, देश के सारे सिनेमाघर भी बंद कर दिए गए. अनलॉक की प्रक्रिया में मॉल तो खुले लेकिन सिनेमाघर बंद ही रहे. अक्टूबर 2020 में हुए अनलॉक-5 में सिनेमाघरों को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोलने का आदेश जारी किया गया था. तबसे हम-आप जब भी यदा-कदा मूवी देखने गए तो एक-एक सीट छोड़कर बैठे. अब पूरी क्षमता के साथ थियेटर खुलेंगे. कोविड प्रोटोकॉल्स फॉलो करने होंगे.
दर्शकों को क्या ध्यान रखना है?
# सिनेमाघरों के प्रवेश करने वाले सभी लोगों को मास्क लगाना ज़रूरी होगा.
# मूवी देखने के दौरान पूरे वक्त मास्क/फेसशील्ड को लगाए रखना होगा.
# सिनेमाघरों में थूकना पूरी तरह वर्जित होगा.
# अंदर घुसते वक्त और बाहर निकलते वक्त हाथों को सैनेटाइज करना होगा.
# दर्शकों के मोबाइल में आरोग्य सेतु ऐप होना ज़रूरी है.
# खांसते या छींकते वक्त टिश्यू पेपर या रुमाल का इस्तेमाल करना होगा.
सिनेमाघरों को क्या ध्यान रखना है?
# गेट पर ही सैनेटाइजर की व्यवस्था करनी होगी.
# पार्किंग और कॉमन एरिया में भीड़ को नियंत्रित करना होगा.
# लिफ्ट में अधिक लोग एक साथ ना जाएं, इस पर ध्यान देना होगा.
# इंटरवल में दर्शकों को सीट ना छोड़ने के लिए कहा जा सकता है.
# इंटरवल को लंबा किया जा सकता है ताकि सभी के लिए मूवमेंट आसान रहे.
# क्या करें, क्या ना करें के पोस्टर लगाने होंगे.
# हर शो के बाद थियेटर को सैनेटाइज करना होगा.
# पेमेंट सिस्टम को पूरी तरह डिजिटल करना होगा.
अब हर सीट पर बैठ पाएंगे लोग
बहुत से लोग इस कारण से मूवी देखने नहीं जा रहे थे क्योंकि एक सीट छोड़कर बैठने के निर्देश लागू थे. लेकिन अब दोस्तों या परिवार के साथ बैठकर मूवी देखी जा सकती है. दिल्ली, हरियाणा, यूपी, वेस्ट बंगाल, एमपी, आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक जैसे राज्यों ने 50 फीसदी क्षमता के साथ सिनेमाघरों को खोल दिया था. लोग सिनेमा देखने के लिए पहुंच भी रहे थे. माना जा रहा है कि अब अधिक लोग सिनेमा देखने के लिए पहुंचेंगे.
रुकी हुई मूवीज होंगी रिलीज
बॉलीवुड की काफी फिल्में सिनेमाघरों के खुलने के इंतजार में थीं. सूर्यवंशी जैसी कई फिल्में बनकर तैयार हैं और इनको OTT पर रिलीज करने के लिए निर्माता तैयार नहीं हैं. कई थियेटर असोसिएशन वालों ने सिनेमा कलाकारों से मिलकर फिल्मों को सिनेमाघरों में रिलीज करने को कहा था. इसके बाद सलमान खान ने कहा था कि वे अपनी फिल्म राधे को सिनेमाघरों में ही रिलीज करेंगे. सिनेमाघर खुलने के बाद सूर्यवंशी और गॉडज़िला वर्सेस कॉन्ग रिलीज होने वाली बड़ी फिल्में होंगी.

