"फूफा को मार दो, शादी कर लूंगी", बुआ की बात पर हत्या की, अब जेल पहुंचा
मारने से पहले फूफा को शराब पिलाई, बुआ के साथ मिलकर बनाया था प्लान.

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद (Firozabad) में एक युवक ने अपने फूफा की हत्या करने की बात कुबूल की है. युवक ने बताया कि उसने रिश्ते में बुआ लगने वाली महिला के कहने पर फूफा की हत्या को अंजाम दिया. युवक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए जुटी हुई है.
बुआ के साथ मिलकर बनाया फूफा की हत्या का प्लानफिरोजाबाद में शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में 1 जनवरी को एक लाश मिली थी. पुलिस ने जब जांच शुरू की, तब पता चला कि लाश नईम नाम के शख्स की थी. पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की. जांच में पता चला कि नईम मजदूरी करते थे और अपने परिवार के साथ शिकोहाबाद में रहते थे. पुलिस ने बताया कि इस मामले में पता चला कि नईम के एक रिश्तेदार शाहरुख का नईम की पत्नी के साथ अवैध संबंध था. शाहरुख नईम का भतीजा लगता था. पुलिस के मुताबिक शाहरुख ने नईम की पत्नी के साथ मिलकर नईम की हत्या का प्लान बनाया था.
पुलिस की पूछताछ में आरोपी शाहरुख ने बताया,
नईम की हत्या के लिए पहले उसे शराब पिलाईनईम रिश्ते में मेरा फूफा लगता था. मेरी अभी शादी नहीं हुई है. नईम की पत्नी के साथ मेरा प्रेम संबंध था. नईम की पत्नी मुझसे कहती थी कि तुम नईम की हत्या कर दो, जिससे हम दोनों पति-पत्नी की तरह रह सकें.
आरोपी ने बताया कि नईम की हत्या के लिए उसने नईम को पहले शराब पिलाई थी. जब नईम को नशा चढ़ गया तब उसने पास ही पड़ी ईंट से नईम के सिर पर वार कर दिया. नईम की हत्या करने के बाद वह वहां से भाग गया था. आरोपी शाहरुख के मुताबिक शराब के लिए पैसे नईम की पत्नी ने ही दिए थे और उससे कहा था कि शराब पिलाकर नईम की हत्या कर दो.
आजतक के सुधीर शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक नईम की बहन सारा ने शिकोहाबाद थाने में केस दर्ज कराया था कि उसके भाई की हत्या की गई है. पुलिस ने आरोपी शाहरुख को 7 जनवरी को शिकोहाबाद से गिरफ्तार किया था. शिकोहाबाद के अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रणविजय सिंह के मुताबिक पुलिस की टीम मामले में आरोपी नईम की पत्नी की गिरफ्तारी के लिए लगी हुई है.
7 साल पहले परिवार ने शव पहचाना, मर्डर केस में लड़का जेल भी गया, अब लड़की ज़िंदा निकली!

