नूह में फिर तनाव, पूजा के लिए जा रही महिलाओं पर 'पत्थर' फेंकने का आरोप
नूह में महिलाओं पर कथित रूप से पत्थर फेंके जाने की घटना को लेकर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है. मामले की जांच जारी है. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

हरियाणा के नूह में एक बार फिर स्थिति तनावपूर्ण है. 17 नवंबर को खबर आई कि यहां कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया है कि इलाके के ‘मदरसे से उन पर पत्थर फेंके’ गए. पुलिस ने बताया कि घटना 16 नवंबर की रात 8:20 बजे की है. आरोप है कि मदरसे से कुछ ‘बच्चों’ ने कुआं पूजन करने गई कुछ महिलाओं पर पत्थर फेंके. बताया जा रहा है कि इस दौरान आठ महिलाएं घायल हो गईं. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
इलाके के लोगों ने क्या बताया?आजतक के हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक वॉर्ड नंबर 11 के रहने वाले एक परिवार की महिलाएं कुआं पूजने निकली थीं. उनका कहना है कि जब वो वापस लौट रही थीं, तब मदरसे से उन पर पत्थर फेंके गए. इसके बाद महिलाओं ने अपने घर वालों को मौके पर बुलाया. दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए. पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा कर वापस भेज दिया.
दूसरे पक्ष का कहना है कि मदरसे के जिस हिस्से पर काम चल रहा है, वहां घटना के दौरान 10-12 साल के कुछ बच्चे खेल रहे थे. घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए भी बुलाया था. इस दौरान लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई.

नूह के पुलिस अधीक्षक (SP) नरेंद्र बिजारनिया ने बताया कि पुलिस को कुआं पूजन के लिए जा रही महिलाओं पर बच्चों द्वारा पत्थर फेंकने की फुटेज मिली है. उन्होंने कहा कि पुलिस फुटेज में दिख रहे बच्चों से पूछताछ करेगी. पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है. NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक फुटेज में दिख रहे तीन बच्चों की पहचान की गई है. उन्हें कस्टडी में लिया गया है.
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति के मद्देनजर वहां पुलिस बल तैनात किया गया है. SP के मुताबिक इलाके में अभी पूरी तरह शांति है.
इसी साल 31 जुलाई को विश्व हिंदू परिषद की 'बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा' के दौरान नूह में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी. पत्थरबाजी और आगजनी हुई थी. बाद में ये हिंसा राज्य के दूसरे हिस्सों में भी भड़क उठी थी. इस हिंसा में छह लोग मारे गए थे. घटना के बाद कई दिनों तक हरियाणा के कई इलाकों में तनाव के हालात रहे थे.
ये भी पढ़ें- नूह हिंसा: मंदिर हमले के 5 आरोपी अरेस्ट, पुलिस ने ऐसा क्या कहा कि गांव वाले खुद ही थाने ले आए
वीडियो: ग्राउंड रिपोर्ट: नूह में नहीं निकल सकी बृज मंडल शोभा यात्रा, स्थानीय मुस्लिमों ने क्या बताया?


