मुकेश अंबानी को नाम बदलकर ईमेल से धमकी दे रहा था, मुंबई पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया
दो हफ्तों में पांच धमकी भरे ई-मेल मिले. जान से मारने की धमकी देते हुए फिरौती के तौर पर 20 से शुरू कर 400 करोड़ रुपये तक की मांगी गई थी.

भारत के सबसे अमीर व्यक्ति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) को पिछले दिनों जान से मारने की धमकी वाले कई ई-मेल मिले. मामले में अब मुंबई पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पहली गिरफ्तारी तेलंगाना से हुई. आरोपी की पहचान गणेश रमेश वनपारधी के तौर पर हुई है. वहीं, दूसरी गिरफ्तारी गुजरात के गांधीनगर से हुई है. पहली बार 27 अक्टूबर को अंबानी को धमकी भरा ई-मेल भेजा गया था. इसके बाद लगातार धमकी दी गई.
तेलंगाना से गिरफ्तार गणेश की उम्र 19 साल है. उसे कोर्ट में पेशी के बाद 8 नवंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है. आरोप है कि गणेश ने ‘शादाब खान’ के नाम से मुकेश अंबानी को ई-मेल भेजे और जान से मारने की धमकी देते हुए फिरौती के तौर पर 20 से शुरू कर 400 करोड़ रुपये तक की मांग की.
घटनाक्रम से जुड़े एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक तौर पर ये शरारत लग रही है लेकिन वो आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए ई-मेल और नेटवर्क के बारे में ज्यादा जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ कर रहे हैं.
पांच बार मिल चुकी है धमकी27 अक्टूबर को मुकेश अंबानी के कंपनी वाले ईमेल पर अज्ञात शख्स का मेल आया. ये सबसे पहला मेल था. ईमेल में लिखा था,
“अगर तुम हमें 20 करोड़ रुपये नहीं दोगे तो हम तुम्हें जान से मार देंगे. हमारे पास भारत के सबसे बेस्ट शूटर हैं.”
28 अक्टूबर को फिर इसी अकाउंट से ईमेल आया. दूसरे मेल में लिखा था,
“आपने हमारे ईमेल का जवाब नहीं दिया. अब रकम 200 करोड़ रुपये है, नहीं तो डेथ वारंट पक्का है.”
30 अक्टूबर के दिन तीसरा ईमेल भेजा गया जिसमें 400 करोड़ रुपये की मांग की गई. पता चला कि मेल shadabkhan@mailfence.com नाम के ईमेल से भेजा गया है. लिखा,
“तुमने हमारी बात नहीं मानी अब रकम 400 करोड़ हो गई है. तुम्हारी सुरक्षा कितनी भी कड़ी क्यों ना हो हमारा एक स्नाइपर काफी है.”
इंडिया टुडे से जुड़े दीपेश की रिपोर्ट के मुताबिक, 31 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच दो और ईमेल भेजे गए जिसमें पैसे की मांग वाले पिछले ईमेल को नजरअंदाज करने पर अंबानी को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई. एक पुलिस अधिकारी ने बताया की आखिरी के दो मेल बेल्जियम के सर्वर वाली ईमेल ID से भेजे गए.
वीडियो: खर्चा पानी: मुकेश अंबानी के कारोबारी साम्राज्य की पूरी कहानी?

