अग्निपथ स्कीम के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुआ था छात्र, फिर डर के चलते जान दे दी!
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है और जांच की बात कही है.

अग्निपथ स्कीम (Agnipath Scheme) को लेकर हैदराबाद में छात्रों ने प्रदर्शन किया था. अब इसमें शामिल हुए एक लड़के का शव नदी में मिला है. आशंका है कि छात्र ने गिरफ्तारी के डर से आत्महत्या कर ली. बता दें कि ये प्रदर्शन राज्य के सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर हुआ था. इस प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई थी. बड़े स्तर पर रेलवे की प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचा था. हिंसा पर नियंत्रण के लिए पुलिस की तरफ से हवा में भी गोलियां चलाई गई थीं.
गोदावरी नदी में मिला शवइंडिया टुडे से जुड़े अब्दुल बशीर की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक की पहचान पार्द्या महेश (Pardya Mahesh) के तौर पर हुई है. बसारा पुलिस स्टेशन के सब इंस्पेक्टर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया,
गोदावरी घाट नंबर दो के पास से हमने एक शव बरामद किया है. मृतक की पहचान पार्द्या महेश के रूप में हुई है. ऐसा लगता है कि गोदावरी नदी में कूदकर उसने आत्महत्या की होगी.
पुलिस की तरफ से आगे बताया गया,
महेश के पिता वेंकटेश के मुताबिक, कुछ हफ्ते पहले ही उनके बेटे ने सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदर्शन में हिस्सा लिया था. इस दौरान रेलवे की संपत्ति में तोड़फोड़ भी हुई थी. सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन की घटना के डर से वो काफी तनाव में था और अपनी पढ़ाई पर भी ध्यान नहीं दे पा रहा था.
पुलिसवालों का कहना है कि इसी डर से उसने आत्महत्या कर ली. फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. साथ ही मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है.
बता दें कि सरकार की इस स्कीम की घोषणा के बाद उग्र प्रदर्शन हुए थे. कई राज्यों से प्रदर्शन और आगजनी की खबरें आई थीं. इस स्कीम के चलते पहले भी आत्महत्या के मामले सामने आए हैं. इस तरह की खबरें आईं कि काफी लंबे समय से सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने अग्निपथ योजना के ऐलान के बाद निराश होकर आत्महत्या कर ली. इधर, केंद्र सरकार की तरफ से ये साफ किया जा चुका है कि ये स्कीम वापस नहीं ली जाएगी.
वीडियो- अग्निपथ स्कीम वालों को 12वीं पास करने के लिए क्या करना होगा?

