पढ़ाते वक्त बच्चों को डांटते थे! इस बात पर दबंगों ने स्कूल में घुसकर टीचर्स को पीट दिया
Bihar News: मामला जिले के भगवानपुर प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय का है. 10 सितंबर की दोपहर को चलती क्लास के बीच में अचानक कुछ लोग घुस आए.

बिहार में कैमूर जिले के एक स्कूल में टीचरों के साथ बुरी तरह मारपीट का मामला सामने आया है (Bihar School Teachers Beaten Kaimur). आरोप है कि करीब छह-सात बदमाशों ने स्कूल में घुसकर टीचरों की पिटाई की. घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, उनमें से एक टीचर कथित तौर पर बच्चों को पढ़ाते हुए डांट-फटकार लगाते थे. इसी बात को लेकर स्कूल में मारपीट की गई.
आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला जिले के भगवानपुर प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय का है. 10 सितंबर की दोपहर को चलती क्लास के बीच में अचानक कुछ लोग घुस आए. पीड़ित टीचर अभिषेक आनंद ने घटना के बारे में जानकारी दी,
हम लोग क्लास में पढ़ा रहे थे. तभी दोपहर में बाहर के कुछ लोग स्कूल परिसर में घुसे और हम सभी टीचरों के साथ मारपीट करने लगे. वो लोग पूछ रहे थे कि कौन से टीचर बच्चों को डांटते और पीटते हैं. उन लोगों ने हम पर कुर्सी से हमला किया. वो पहले एक टीचर को पीट रहे थे. बाकी टीचर उन्हें बचाने गए तो उन्हें भी पीटा गया. घटना में तीन से चार लोगों को चोटें आई हैं.
मामले की जानकारी भगवानपुर पुलिस को दी गई. खबर है कि पुलिस ने स्कूल पहुंचकर मामले की जांच की. इसके बाद पांच नामजद और आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई. जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी भी स्कूल पहुंचे.
पिछले दिनों टीचर के साथ बदसलूकी का इस तरह का एक और मामला चर्चा में आया था. अमेरिका के वायरल वीडियो में हाई स्कूल का एक छात्र महिला टीचर को थप्पड़ मारते हुए दिखा. इस सबका वीडियो बना रहा शख्स (जो संभवतः छात्र है) टीचर की पिटाई को एन्जॉय करता रहा, उन पर हंसता रहा. घटना का वीडियो जैसी ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो आरोपी छात्र पर कार्रवाई की गई. छात्र पर मारपीट के आरोप में मामला दर्ज किया गया.
वीडियो: अकोला: 8वीं की छात्राओं को अश्लील वीडियो दिखाने के आरोप में टीचर गिरफ्तार

